विज्ञापन

IRCTC की लग्जरी ट्रेन में मिलेगा होटल जैसा मजा, रेस्टोरेंट, स्पा और लग्जरी सुविधाओं के साथ शुरू हुई नई गोल्डन चैरियट

IRCTC ने 2026-27 पर्यटन सीजन के लिए अपनी लग्जरी ट्रेन 'गोल्डन चैरियट' को नए और बेहतर रूप में लॉन्च किया है. इस ट्रेन को पहले से ज्यादा आधुनिक और आरामदायक बनाया गया है ताकि यात्रियों को शानदार सफर का अनुभव मिल सके. आइए जानते हैं अब ट्रेन में क्या नई सुविधाएं मिलेंगी-

IRCTC की लग्जरी ट्रेन में मिलेगा होटल जैसा मजा, रेस्टोरेंट, स्पा और लग्जरी सुविधाओं के साथ शुरू हुई नई गोल्डन चैरियट
IRCTC की लग्जरी ट्रेन 'गोल्डन चैरियट' नए अंदाज में लॉन्च

Indian Railways: अगर आप ट्रेन से सफर करना पसंद करते हैं और लग्जरी यात्रा का अनुभव लेना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. IRCTC ने 2026-27 पर्यटन सीजन के लिए अपनी लग्जरी ट्रेन 'गोल्डन चैरियट' को नए रूप में लॉन्च किया है. इस ट्रेन को पहले से ज्यादा आरामदायक और आधुनिक बनाया गया है ताकि यात्रियों को शानदार सफर का अनुभव मिल सके. यह ट्रेन दक्षिण भारत की खूबसूरत जगहों, ऐतिहासिक शहरों और पर्यटन स्थलों की यात्रा कराएगी. ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया है.

ट्रेन में मिलेंगी ये नई सुविधाएं

नई गोल्डन चैरियट ट्रेन में कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं. ट्रेन के अंदर सुंदर इंटीरियर बनाया गया है. यात्रियों को आरामदायक केबिन, स्मार्ट टीवी और वाई-फाई स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी. सुरक्षा के लिए ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके साथ ही आधुनिक फायर अलार्म सिस्टम भी दिया गया है. यात्रियों की मदद के लिए प्रशिक्षित हॉस्पिटैलिटी स्टाफ भी मौजूद रहेगा.

80 यात्री कर सकेंगे सफर

इस लग्जरी ट्रेन में कुल 40 केबिन बनाए गए हैं. इनमें 13 डबल बेड वाले केबिन हैं और 26 ट्विन बेड वाले केबिन हैं. इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों के लिए भी एक अलग विशेष केबिन तैयार किया गया है. एक बार में करीब 80 लोग इस ट्रेन में यात्रा कर सकेंगे.

खाने-पीने और आराम की भी पूरी सुविधा

ट्रेन में यात्रियों के लिए दो शानदार रेस्टोरेंट बनाए गए हैं- 'रुचि' और 'नलपाक'. यहां भारतीय और विदेशी दोनों तरह का खाना मिलेगा. इसके अलावा ट्रेन में 'मदीरा' लाउंज बार भी है. यात्रियों के आराम और फिटनेस के लिए 'आरोग्य स्पा एंड फिटनेस सेंटर' भी बनाया गया है. यहां आयुर्वेदिक थेरेपी और फिटनेस से जुड़ी सुविधाएं भी मिलेंगी.

इन रूट्स पर चलेगी ट्रेन

आईआरसीटीसी ने इस सीजन में ट्रेन के लिए कई खास टूर पैकेज तैयार किए हैं.

  • प्राइड ऑफ कर्नाटक (6 दिन)- बेंगलुरु से गोवा तक यात्रा
  • ज्वेल्स ऑफ साउथ (6 दिन) - दक्षिण भारत के ऐतिहासिक शहरों का सफर
  • ग्लिम्प्सेस ऑफ कर्नाटक (4 दिन)- बेंगलुरु से हम्पी तक छोटा टूर
यात्रियों को मिलेगी खास छूट

आईआरसीटीसी ने यात्रियों के लिए विशेष ऑफर भी शुरू किए हैं. चुनिंदा यात्राओं पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी. इसके अलावा अगर यात्री 30 जून 2026 तक एडवांस बुकिंग या पेमेंट करते हैं, तो उन्हें 5 प्रतिशत अतिरिक्त अर्ली बर्ड डिस्काउंट भी मिलेगा. यह ऑफर कुछ शर्तों और सीटों की उपलब्धता के आधार पर लागू होगा.

आईआरसीटीसी का कहना है कि इस नई पहल का मकसद भारत में लग्जरी ट्रेन पर्यटन को बढ़ावा देना और ज्यादा से ज्यादा भारतीय और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करना है. अगर आप आरामदायक और यादगार यात्रा करना चाहते हैं, तो गोल्डन चैरियट आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकती है.

यह भी पढ़ें- 45 साल में पहली बार मई में चली ‘पैलेस ऑन व्हील्स', 6 दिन में 2610 Km का होगा शाही सफर, जानिए रूट और शेड्यूल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IRCTC, Indian Railways, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com