सर्दी का मौसम आते ही नाक बहना, गला खराब होना आम बात हो जाती है, लेकिन कान में दर्द होना सबसे ज्यादा तकलीफ देता है. क्योंकि कई बार कान में ऐसा दर्द होता है जैसे अंदर से कोई सुई चुभा रहा हो. रात को तो ये दर्द और बढ़ जाता है, नींद ही नहीं आती. बच्चों से लेकर बड़ों तक, सर्दी में कान दर्द की दिक्कत सबको होती है. लेकिन क्यों? सर्दी में कान दर्द क्यों बढ़ जाता है? और इसे घर पर कैसे ठीक करें? चलिए जानते हैं उपाय और कारण.
सर्दियों में कान दर्द क्यों बढ़ जाता है?
- ठंडी हवा- कान के ऊपर चर्बी की परत नहीं होती. इसीलिए ठंडी हवा सीधे कान के अंदर जाती है. ठंडी हवा लगते ही कान की नसें सिकुड़ जाती हैं और दर्द शुरू हो जाता है.
- सर्दी-जुकाम- सर्दी में नाक बंद हो जाती है. नाक बंद होने से कान और नाक को जोड़ने वाली नली भी बंद हो जाती है. अंदर हवा फंस जाती है, दबाव बढ़ जाता है और कान में दर्द होने लगता है.
- कान में पानी जाना- सर्दी में गरम पानी से नहाते हैं, तो कान में पानी चला जाता है. पानी अंदर रह जाए, तो कान में इंफेक्शन हो जाता है और दर्द होता है.
- कान का मैल- सर्दी में कान का मैल सूखकर सख्त हो जाता है. वो कान के पर्दे पर दबाव डालता है, जिससे कान में भारीपन और दर्द लगता है.

कान दर्द के लक्षण कैसे पहचानें?
कान दर्द को हल्के में मत लीजिए. अगर ये लक्षण दिखें, तो ध्यान दीजिए. कान में चुभन जैसा दर्द, कान में भारीपन, कान से आवाज कम सुनाई देना, कान में से सीटी जैसी आवाज आना, बुखार आना, बच्चों का बार-बार कान खुजलाना और रोना. अगर कान से पीला पानी या पस निकल रहा है, तो ये इंफेक्शन का लक्षण है. इसे घर पर ठीक करने की कोशिश मत कीजिए, डॉक्टर को दिखाइए.
कान दर्द के घरेलू उपाय-
- गर्म कपड़े से सिकाई- एक साफ कपड़े को गरम करके कान पर रखिए. या गरम पानी की बोतल को कपड़े में लपेटकर कान पर लगाइए. 10 मिनट की सिकाई से ही दर्द में बहुत आराम मिल सकता है.
- टोपी और मफलर- सर्दी में बाहर निकलते वक्त कान को हमेशा ढककर रखिए. ऊनी टोपी या मफलर पहनिए, जो कान को पूरी तरह से ढक ले. ठंडी हवा कान में नहीं जाएगी, तो दर्द नहीं होगा.
- सोने का तरीका- जिस कान में दर्द है, उस तरफ करवट लेकर मत सोइए. दर्द वाले कान को ऊपर की तरफ रखकर सोइए. इससे कान का दबाव कम होगा.
- लहसुन का तेल- 2 चम्मच सरसों के तेल में 2 कली लहसुन डालकर गरम कीजिए. जब लहसुन काला हो जाए, तो गैस बंद कर दीजिए. तेल को छानकर गुनगुना कर लीजिए. इस तेल की 2 बूंद दर्द वाले कान में डालिए. लहसुन में एंटीबायोटिक गुण होते हैं, जो इंफेक्शन को कम कर सकते हैं.
- तुलसी का रस- तुलसी की 4-5 पत्तियों का रस निकालिए. इस रस की 2 बूंद कान में डालिए. तुलसी कान के दर्द और इंफेक्शन दोनों में फायदा कर सकती है.
ये भी पढ़ें- पैंक्रियाटिक कैंसर पर वैज्ञानिकों की बड़ी कामयाबी, नई दवा ने जगाई उम्मीद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं