Ebola Outbreak in Congo: अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) में इबोला वायरस का प्रकोप तेजी से फैल रहा है. अब तक 1,873 संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 672 लोगों की मौत हो चुकी है. बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, खासकर तब जब वायरस अब स्वास्थ्यकर्मियों को भी अपनी चपेट में ले रहा है.
पांच प्रांतों में फैला इबोला, दो नए इलाके भी प्रभावित
स्वास्थ्य अधिकारियों की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इबोला संक्रमण मुख्य रूप से इटुरी, नॉर्थ किवू, साउथ किवू, हाउत-उएले और त्शोपो (शोपो) प्रांतों में फैल चुका है. हाउत-उएले और त्शोपो को पहली बार राष्ट्रीय स्थिति रिपोर्ट में शामिल किया गया है.
विशेषज्ञों का कहना है कि इन नए क्षेत्रों में मिले मामले इटुरी प्रांत के संक्रमण केंद्र से लोगों की आवाजाही और संपर्क के कारण जुड़े हुए हैं.
Also Read: दुनिया के खतरनाक वायरस जिनका डेथ रेट 90% तक, इबोला-निपाह भी शामिल
अस्पतालों में बढ़ा दबाव, 95% बेड भरे
रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल 763 मरीज अस्पतालों या आइसोलेशन केंद्रों में भर्ती हैं. स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उपचार केंद्रों में उपलब्ध 95.1 प्रतिशत बेड भर चुके हैं.
हालांकि अब तक 306 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं, लेकिन 299 संदिग्ध मामलों में से 91 लोगों की मौत दर्ज की गई है.
एक अमेरिकी सहायता कर्मी भी संक्रमित
इबोला नियंत्रण अभियान में जुटे एक अमेरिकी मानवीय सहायता कर्मी के संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा हो गई है.
अफ्रीका सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (Africa CDC) ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति के संपर्कों की पहचान (Contact Tracing), महामारी संबंधी जांच और संक्रमण जोखिम का मूल्यांकन शुरू कर दिया गया है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि संक्रमण किस तरह हुआ.
स्वास्थ्यकर्मी भी बन रहे शिकार
अफ्रीकी संघ की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार, इस प्रकोप के दौरान अब तक 112 स्वास्थ्यकर्मी इबोला से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 35 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो चुकी है.
स्वास्थ्य एजेंसियों का कहना है कि डॉक्टर, नर्स, स्वयंसेवक और राहतकर्मी बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम कर रहे हैं और संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने की कोशिश में जुटे हैं.
क्या है इबोला वायरस?
इबोला एक गंभीर और अक्सर जानलेवा वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थों के संपर्क में आने से फैल सकती है. इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, उल्टी, दस्त और कुछ मामलों में आंतरिक या बाहरी रक्तस्राव शामिल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं