Diabetes Early Symptoms: आज के समय में डायबिटीज केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं रह गई है. बदलती जीवनशैली, तनाव, जंक फूड और कम शारीरिक गतिविधि के कारण युवाओं में भी यह समस्या तेजी से बढ़ रही है. कई लोग लंबे समय तक यह समझ ही नहीं पाते कि उनके शरीर में डायबिटीज की शुरुआत हो चुकी है. दरअसल डायबिटीज धीरे-धीरे विकसित होने वाली बीमारी है और इसके शुरुआती संकेत बहुत हल्के होते हैं. अगर इन संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए तो बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है.
ज़्यादा प्यास लगना
डायबिटीज का सबसे आम लक्षण है बार-बार प्यास लगना. शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने पर शरीर अधिक पानी की मांग करता है. ऐसे में व्यक्ति को ज़्यादा पानी पीने की जरूरत महसूस होती है.
ज़्यादा पेशाब आना
अगर आपको सामान्य से ज्यादा बार पेशाब आ रहा है तो यह भी डायबिटीज का संकेत हो सकता है. ब्लड में एक्स्ट्रा शुगर को बाहर निकालने के लिए किडनी अधिक काम करती है. इसी वजह से पेशाब की मात्रा और संख्या दोनों बढ़ सकती हैं.
ज्यादा भूख लगना
डायबिटीज के शुरुआती दौर में कई लोगों को अचानक ज्यादा भूख लगने लगती है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर की कोशिकाओं को ऊर्जा के लिए पर्याप्त ग्लूकोज नहीं मिल पाता. इससे शरीर बार-बार भोजन की मांग करता है.
यह भी पढें: अब इलाज में काम आ रहा है बच्चे का गर्भनाल या प्लेसेंटा, घाव भरने से लेकर आंखों के इलाज तक कर रहा मदद
थकान और कमजोरी
अगर बिना ज्यादा काम किए भी आपको लगातार थकान महसूस होती है तो यह भी डायबिटीज का संकेत हो सकता है. जब शरीर ग्लूकोज को सही तरीके से उपयोग नहीं कर पाता तब ऊर्जा की कमी महसूस होती है.
धुंधला दिखाई देना
ब्लड शुगर बढ़ने का असर आंखों पर भी पड़ सकता है. कई बार लोगों को चीजें थोड़ी धुंधली दिखाई देने लगती हैं. यह समस्या शुरुआती चरण में हल्की होती है लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
घाव का धीरे भरना
अगर छोटे-छोटे घाव या चोट जल्दी ठीक नहीं हो रहे हैं तो यह भी डायबिटीज का संकेत हो सकता है. हाई ब्लड शुगर शरीर की हीलिंग प्रक्रिया को धीमा कर देता है.
विशेषज्ञों के अनुसार अगर इन लक्षणों में से कोई भी समस्या लंबे समय तक बनी रहती है तो तुरंत ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए. समय पर जांच और सही जीवनशैली अपनाने से डायबिटीज को नियंत्रित रखना संभव है. इसलिए अपने शरीर के संकेतों को समझना और समय पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.
Watch Video: मोटापा कैसे कम करें? | मोटापा दूर करने के तरीके | Motapa Kaise Kam Kare
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं