एक समय ऐसा था जब हिंदी सिनेमा में अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) का स्टारडम बुलंदियों पर था. लेकिन इसी दौर में साउथ इंडिया से एक ऐसा सितारा उभरा, जिसकी लोकप्रियता और बॉक्स ऑफिस की सफलता ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इस अभिनेता ने लगातार 14 हिट फिल्में देकर सिनेमा जगत में तहलका मचा दिया था. आज यह सुपरस्टार करीब 1650 करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सफल सितारों में गिने जाते हैं. अगर आप अभी तक नहीं पहचान पाएं हैं, तो बता देते हैं कि हम साउथ इंडियन मेगास्टार चिरंजीवी की बात कर रहे हैं.
चिरंजीवी का असली नाम

मेगास्टार चिरंजीवी का असली नाम कोणिदेल शिव शंकर वर प्रसाद है. उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल और कन्नड़ फिल्मों में अपनी एक्टिंग और दमदार डांस मूव्स के जरिए लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है. चिरंजीवी ने 1978 में फिल्म ‘पुनाधिरल्लू' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. अपने लंबे करियर में उन्होंने कई बड़े पुरस्कार भी हासिल किए हैं. चिरंजीवी को आंध्र प्रदेश का सर्वोच्च फिल्म सम्मान रघुपति वेंकैया पुरस्कार, 3 नंदी अवॉर्ड, 9 फिल्मफेयर अवॉर्ड साउथ और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिल चुका है. इसके अलावा भारत सरकार ने उन्हें 2006 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है चिरंजीवी का नाम

चिरंजीवी की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी फिल्म ‘कोडामा सिम्हम' (1990) अंग्रेजी में डब होने वाली पहली साउथ इंडियन फिल्म थी. 45 साल के अपने फिल्मी करियर में उन्होंने 156 फिल्मों में काम किया है. इन फिल्मों में उन्होंने 537 गानों पर डांस किया और 24,000 से ज्यादा डांस मूव्स किए, जिसके लिए उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की तरफ से भी सम्मानित किया गया.
चिरंजीवी ने राजनीति में भी आजमाई किस्मत

आंध्र प्रदेश के वेस्ट गोदावरी जिले के मोगलथुर में 22 अगस्त 1955 को जन्मे चिरंजीवी ने फिल्मी दुनिया में बड़ी सफलता हासिल करने के बाद राजनीति में भी कदम रखा. उन्होंने ‘प्रजा राज्यम पार्टी' (PRP) की स्थापना की. हालांकि, राजनीति में उन्हें सिनेमा जैसी सफलता नहीं मिल पाई. इसके बाद 2011 में उन्होंने अपनी पार्टी का विलय भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में कर दिया. इसके बाद उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया गया और 2012 में मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी भी मिली. हालांकि, उनका राजनीतिक सफर छोटा रहा, लेकिन फिल्मी दुनिया में चिरंजीवी का जलवा आज भी बरकरार है. जबकि सुपरस्टार के बेटे राम चरण भी साउथ के सुपरस्टार हैं, जिनकी आरआरआर ऑस्कर विनिंग है.
ये भी पढ़ें- राकेश रोशन की वो फिल्म, जो बनीं 1990 की चौथी सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म, रिलीज के बाद एक्ट्रेस को हुआ पछतावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं