Sweating Cause: शरीर से पसीना आना आम बात है, लेकिन अक्सर लोग इसे सिर्फ गर्मी या मेहनत से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसके पीछे एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है, जो हमें स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाती है. मेडिकल रिसर्च के अनुसार, पसीना सिर्फ शरीर को ठंडा ही नहीं करता, बल्कि कई आंतरिक प्रक्रियाओं को संतुलित रखने में भी मदद करता है. हालांकि, जब यह सामान्य से ज्यादा होने लगे तो यह किसी अंदरूनी समस्या का संकेत भी हो सकता है.

वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, पसीना हमारे शरीर के तापमान को नियंत्रित करने का एक तरीका है, जिसे थर्मोरेगुलेशन कहा जाता है. जब शरीर का तापमान बढ़ता है, तब त्वचा में मौजूद स्वेट ग्लैंड्स सक्रिय हो जाती हैं. ये ग्रंथियां पानी और नमक से बना एक तरल पदार्थ, यानी पसीना, बाहर निकालती हैं. जब यह पसीना त्वचा से भाप बनकर उड़ता है तो शरीर की गर्मी कम हो जाती है और हमें ठंडक महसूस होती है. यही कारण है कि दौड़ने, काम करने या धूप में रहने पर पसीना ज्यादा आता है.
ये भी पढ़ें: क्या आपने कभी उबले बादाम खाए हैं? जानिए ब्लैंच्ड बादाम के फायदे और बनाने का तरीका
पसीना आना दिल की धड़कन और मेटाबॉलिज्म से भी जुड़ा होता है. जब हम शारीरिक गतिविधि करते हैं तो शरीर ज्यादा ऊर्जा खर्च करता है, जिससे गर्मी पैदा होती है. इस गर्मी को संतुलित करने के लिए शरीर पसीना निकालता है. यह प्रक्रिया हमें ओवरहीट होने से बचाती है और शरीर को सुरक्षित रखती है.
क्या है हाइपरहाइड्रोसिस
लेकिन हर बार ज्यादा पसीना आना सामान्य नहीं होता. अगर बिना किसी खास वजह के बहुत ज्यादा पसीना आने लगे, तो यह हाइपरहाइड्रोसिस नाम की स्थिति का संकेत हो सकता है. इस स्थिति में व्यक्ति को इतना ज्यादा पसीना आता है कि कपड़े भीग जाते हैं या हाथों से पसीना टपकने लगता है. यह समस्या सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है, क्योंकि इससे आत्मविश्वास कम होता है और सामाजिक स्थिति में असहजता महसूस होती है.
इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं. कुछ मामलों में यह जेनेटिक समस्या हो सकती है, जबकि कई बार यह हार्मोनल बदलाव, थायरॉयड, डायबिटीज या कुछ दवाइयों के साइड इफेक्ट की वजह से भी हो सकता है. इसलिए अगर पसीना जरूरत से ज्यादा आ रहा है तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है.
Gurudev Sri Sri Ravi Shankar on NDTV: Stress, Anxiety, से लेकर Relationship, Spirituality तक हर बात
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं