प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सिर्फ अपनी राजनीति और भाषणों की वजह से ही नहीं बल्कि कई बा अपने खाने-पानी से जुड़ी पसंदों को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा में रहते हैं. खाने-पीने की चीजों से जुड़ी उनकी पसंद लोगों के बीच ट्रेंड बन जाती है. हाल ही में “मेलोडी” टॉफी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गई. दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों विदेश दौरे पर हैं, हाल ही में उनकी मुलाकात इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से हुई. जिसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किए, लेकिन एक वीडियो चर्चा का विषय बन गई. वीडियो में प्रधानमंत्री भारत की मशहूर पार्ले की मेलोडी टॉफी देते हुए दिखाई दिए. ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई, लेकिन यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी की वजह से कोई खाने की चीज सुर्खियों में आई हो. इससे पहले भी चाय, मखाना, श्रीअन्न और झालमुड़ी जैसी कई सारी चीजें हैं जो पीएम मोदी के बोलने के बाद लोगों के बीच खास पहचान बना चुकी हैं.
बता दें कि पीएम मोदी जब भी किसी खाने की चीज के बारे में बात करते हैं और उसे अपनी लाइफस्टाइल से जोड़ते हैं तो लोग उन चीजों में दिलचस्पी दिखाने लगते हैं. यहीं वजह है कि कई देसी फूड्स जिनको लोग लगभग भूल गए थे या उनके बारे में ज्यादा नहीं जानते थे वो देसी फूड आइटम अचानक चर्चा में आ जाते हैं.
चाय से शुरू हुई थी पहचान
पीएम मोदी की चाय वाली कहानी लगभग हर भारतीय जानता है. अपने चुनावी भाषणों से लेकर कई इंटरव्यू में भी उन्होंने अपने बचपन में स्टेशन पर चाय बेचने का जिक्र किया है. अगर कहें कि इसके बाद ये चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं रहीं, बल्कि उनकी पहचान का हिस्सा बन गई तो ऐसा कहना गलत नहीं होगा. देशभर में “चाय पर चर्चा” जैसे कैंपेन भी काफी पॉपुलर हुए थे.
ये भी पढ़ें: चाय बनाते समय ये टाइमिंग गलती कर रहे हैं? तभी स्वाद खराब आता है
झालमुड़ी को मिला नेशनल लेवल का फेम
हाल ही में हुए मोदी जी पश्चिम बंगाल पहुंचे थे जहां पर उन्होंने वहां की फेमस स्ट्रीट फूड डिश झालमुड़ी खाई थी और उसके बाद से झालमूड़ी भी चर्चा में आई थी. एक चुनावी रैली के दौरान उन्होंने इसका जिक्र किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर बातें करने लगे. हल्की-फुल्की और मसालेदार यह डिश पहले से लोकप्रिय थी, लेकिन मोदी जी के वायरल वीडियो के बाद इस डिश को नेशनल लेवल पर एक नई पहचान भी मिल गई है.
सहजन का पराठा
पीएम मोदी अपना हेल्दी खानपान भी लोगों के साथ शेयर करते हैं. पीएम मोदी ने एक इंटरव्यू में सहजन यानी मोरिंगा के पराठे का जिक्र किया था. इसके बाद से लोगों के बीच इसका क्रेज काफी ज्यादा बढ़ गया. इंटरनेट पर “मोरिंगा पराठा” और “सहजन का पराठा” को लेकर लोग खूब सर्च करने लगे. बता दें कि हेल्थ एक्सपर्ट भी सहजन का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद बताते हैं.
ये भी पढ़ें: मोरिंगा इस तरह खाने से शरीर में हो सकती है कैल्शियम की कमी पूरी
मखाना बना सुपरफूड
मखाने का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद है. बता दें कि बिहार का मखाना आज देशभर में एक सुपरफूड की तरह देखा जाता है. पीएम मोदी ने भी कई मौकों पर इसका जिक्र किया और बिहार के किसानों की तारीफ भी की है. इसके बाद लोग मंचिंग के लिए चिप्स और तले स्नैक्स की जगह मखाना खाना पसंद कर रहे हैं.
श्रीअन्न को लेकर भी बढ़ी चर्चा
पीएम मोदी ने मोटे अनाज यानी मिलेट्स को “श्रीअन्न” नाम देकर उसे नई पहचान दी. इसके बाद बाजरा, ज्वार और रागी जैसे अनाज फिर से लोगों की थाली में लौटने लगे. इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स के दौरान भी भारत ने इसे दुनिया भर में प्रमोट किया.
दरअसल, पीएम मोदी जब किसी देसी चीज का जिक्र करते हैं, तो वह सिर्फ बातचीत का हिस्सा नहीं रहती, बल्कि लोगों की लाइफस्टाइल और खानपान का ट्रेंड बन जाती है. यही वजह है कि आज चाय से लेकर मखाना तक कई चीजें उनके नाम के साथ जुड़कर लोगों के बीच और ज्यादा लोकप्रिय हो चुकी हैं.
History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं