सुबह घर से निकलते समय शर्ट बिल्कुल साफ और फ्रेश लगती है, लेकिन ऑफिस या कॉलेज पहुंचते-पहुंचते पसीने के दाग, बदबू और चिपचिपाहट पूरा लुक खराब कर देते हैं. गर्मियों में यह परेशानी लगभग हर दूसरे इंसान की होती है. खासकर सफेद या हल्के रंग की शर्ट पहनने वालों को अंडरआर्म्स के पीले निशान और पसीने के धब्बों से शर्मिंदगी महसूस होती है. कई लोग दिनभर असहज रहते हैं और बार-बार वॉशरूम जाकर खुद को साफ करने की कोशिश करते हैं. लेकिन सिर्फ डियो स्प्रे कर लेने से समस्या खत्म नहीं होती. सही कपड़े चुनने से लेकर कुछ छोटी-छोटी आदतों तक, ऐसे कई आसान तरीके हैं जो आपको पूरे दिन फ्रेश और कॉन्फिडेंट महसूस करा सकते हैं. अगर आप भी रोज पसीने से परेशान रहते हैं, तो ये 5 ट्रिक्स आपकी जिंदगी आसान बना सकती हैं.
दिनभर फ्रेश और कॉन्फिडेंट बने रहने के टिप्स | Tips to Stay Fresh and Confident All Day Long
1. कॉटन या लिनेन फैब्रिक की शर्ट पहनें
गर्मियों में सिंथेटिक फैब्रिक शरीर की गर्मी बढ़ाता है और पसीना ज्यादा आता है. ऐसे में कॉटन या लिनेन की शर्ट सबसे बेहतर मानी जाती है. ये कपड़े हवा को पास होने देते हैं और पसीना जल्दी सोख लेते हैं. इससे शरीर ठंडा रहता है और बदबू भी कम आती है. अगर आप रोज ऑफिस या कॉलेज जाते हैं, तो हल्के और सांस लेने वाले फैब्रिक को अपनी पहली पसंद बनाएं.
ये भी पढ़ें: एक साल तक न खरीदें सोना', PM मोदी की अपील के बाद बढ़ी आर्टिफिशियल ज्वेलरीज की डिमांड

2. अंडरशर्ट पहनने की आदत डालें
कई लोग सोचते हैं कि गर्मी में बनियान या अंडरशर्ट पहनने से और ज्यादा पसीना आएगा, लेकिन सही अंडरशर्ट पसीने को आपकी बाहरी शर्ट तक पहुंचने से रोकती है. पसीना सोखने ली हल्की कॉटन अंडरशर्ट पहनने से शर्ट पर दाग नहीं पड़ते और आप लंबे समय तक फ्रेश महसूस करते हैं. खासकर सफेद शर्ट पहनने वालों के लिए यह ट्रिक काफी काम की है.
3. सिर्फ डियो नहीं, एंटीपर्सपिरेंट इस्तेमाल करें
अधिकतर लोग डियोड्रेंट लगाकर सोचते हैं कि बदबू नहीं आएगी, लेकिन डियो सिर्फ खुशबू देता है. वहीं एंटीपर्सपिरेंट पसीना कम करने में मदद करता है. इसे रात में सोने से पहले अंडरआर्म्स पर लगाने से बेहतर असर मिलता है. इससे अगले दिन पसीना कम आता है और शर्ट पर निशान बनने की संभावना भी घट जाती है.
ये भी पढ़ें: रीठा से धोते हैं बाल? पहले जान लें ये आपके बालों के लिए सही है या नहीं, किसे नहीं करना इस्तेमाल
4. बैग या हेलमेट की सफाई भी जरूरी है
अगर आप बाइक से ऑफिस या कॉलेज जाते हैं, तो हेलमेट और बैकपैक भी पसीने की बदबू बढ़ाने की बड़ी वजह बन सकते हैं. गंदा हेलमेट सिर में पसीना बढ़ाता है और बैग की स्ट्रैप्स शर्ट पर पसीने के निशान छोड़ सकती हैं. इसलिए हफ्ते में कम से कम एक बार हेलमेट के अंदर की पैडिंग और बैग की स्ट्रैप्स साफ जरूर करें.
5. शरीर को हाइड्रेट रखें
कम पानी पीने से शरीर ज्यादा गर्म महसूस करता है और पसीने की बदबू भी तेज हो सकती है. दिनभर पर्याप्त पानी पीने से बॉडी टेम्परेचर कंट्रोल रहता है. साथ ही नारियल पानी, नींबू पानी या छाछ जैसी चीजें शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करती हैं. ज्यादा मसालेदार और ऑयली खाना खाने से भी पसीना बढ़ सकता है, इसलिए हल्का भोजन बेहतर रहेगा.
छोटी आदतें, बड़ा फर्क
दिनभर फ्रेश रहना सिर्फ महंगे परफ्यूम पर निर्भर नहीं करता. सही कपड़े, साफ-सफाई और कुछ स्मार्ट आदतें आपकी शर्ट को पसीने से खराब होने से बचा सकती हैं. अगर आप इन आसान ट्रिक्स को अपनी डेली लाइफ में शामिल कर लें, तो गर्मियों में भी आपका लुक और कॉन्फिडेंस दोनों बरकरार रहेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं