मुंह के छाले एक आम समस्या हैं, जो खाने-पीने, बोलने और यहां तक कि पानी पीने में भी परेशानी पैदा कर सकते हैं. ऐसे में कई लोग घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं, जिनमें पान का पत्ता भी शामिल है. आयुर्वेद में पान के पत्ते को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है. परमार्थ आश्रम के आयुर्वेदिक एक्सपर्ट राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि पान के पत्तों में एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मुंह की कुछ समस्याओं में राहत पहुंचा सकते हैं. लेकिन क्या वास्तव में पान खाने से मुंह के छाले ठीक हो जाते हैं? यहां जानते हैं मुंह के छाले में पान के पत्ते कितना फायदेमंद हो सकता है और इसका सेवन का क्या तरीका है?
क्या पान के पत्ते से मुंह के छालों में राहत मिल सकती है?
डॉ. राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि पान के पत्तों में ऐसे कई नैचुरल गुण पाए जाते हैं, जो सूजन और बैक्टीरिया को कम करने में फायदेमंद हैं. यही कारण है कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में इसका इस्तेमाल मुंह की कुछ समस्याओं के लिए किया जाता रहा है. हालांकि, ये कहना सही नहीं होगा कि पान के पत्ते छालों का पक्का इलाज हैं. ये सिर्फ कुछ मामलों में अस्थाई राहत देने में सहायक हो सकते हैं.
मुंह के छाले में पान के पत्ते कैसे है फायदेमंद?
मुंह में छालों की परेशानी में पान के पत्ते कई तरह के फायदेमंद हो सकते हैं, जैसे-
- पान के पत्तों में मौजूद नैचुरल यौगिक मुंह के छालों के कारण होने वाली जलन और सूजन को कम करने में असरदार हो सकता है.
- इसमें एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो मुंह की साफ-सफाई बनाए रखने और इंफेक्शन के रिस्क को कम करने में मददगार हो सकते हैं.
- इसके सेवन से मुंह में ताजगी महसूस होती है और सांसों की दुर्गंध कम हो सकती है.
- आयुर्वेद एक्सपर्ट का कहना है कि पान के पत्ते पाचन क्रिया को एक्टिव करने में उपयोगी हो सकता है, जिससे पूरा शरीर फिट रहता है.
छालों की परेशानी में पान के पत्तों का कैसे करें सेवन?
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आप मुंह के छालों में राहत के लिए पान का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो सिर्फ ताजा और साफ पान का पत्ता लें. इसमें तंबाकू, सुपारी, चूना या अन्य हानिकारक केमिकल्स मिक्स न करें. पान के ताजे पत्ते को धीरे-धीरे चबाने से उसका रस मुंह में फैलता है, जो कुछ लोगों को आराम पहुंचा सकता है. कुछ लोग पान के पत्तों को पानी में उबालकर उससे कुल्ला भी करते हैं. यह मुंह की सफाई में फायदेमंद हो सकता है.
ये भी पढ़ें - मुंह में छाले होने पर कान में क्यों होने लगता है दर्द? जानिए दोनों के बीच क्या है कनेक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं