Leftover Rice: क्या आप भी रोजाना चावलों से जुड़ी ये एक गलती करते हैं? दरअसल ये एक गलती हर एक घर में की जाती है और लोगों का इस ओर ध्यान भी नहीं जाता. एक्सपर्ट्स की मानें तो चावल को पकने के बाद घंटों बाहर रखना सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. वही कुछ लोग पके हुए चावल को कई दिनों तक फ्रिज में रख कर खाते हैं. ये भी गलत तरीका है. कई बार इस तरह की गलतियां घातक भी साबित हो जाती हैं. तो आइए जानते हैं क्या है चावल को पकाने और खाने का सही तरीका.
चावल पकाते समय न करें ये गलती-
पके हुए चावल को लेकर अक्सर लोग यह मानते हैं कि अगर उसमें कोई बदबू नहीं आ रही है, तो वह खाने के लिए पूरी तरह सेफ है. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह सोच कई बार नुकसानदायक साबित हो सकती है. चावल में नेचुरल रूप से Bacillus cereus नाम का एक बैक्टीरिया मौजूद हो सकता है. यह बैक्टीरिया चावल को पकाने के बाद भी पूरी तरह खत्म नहीं होता.
पके चावल को लंबे समय के लिए बाहर रखने की ना करें गलती-
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि हर चावल नुकसानदायक है. असली खतरा तब शुरू होता है, जब पके हुए चावल को लंबे समय तक कमरे के तापमान (Room Temperature) पर छोड़ दिया जाता है. ऐसी स्थिति में यह बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकता है और ऐसे टॉक्सिन्स बना सकता है जो फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं.
कितने दिन के अंदर खा लेने चाहिए चावल-
हेल्थ और फूड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर आप बचे हुए चावल को बाद में खाना चाहते हैं, तो उसे पकाने के बाद जल्द से जल्द ठंडा कर लें. बेहतर होगा कि चावल को किसी बड़ी प्लेट या ट्रे में फैलाकर 30 मिनट से 1 घंटे के अंदर ठंडा करें और फिर फ्रिज में रख दें. पके हुए चावल को दो घंटे से ज्यादा कमरे के तापमान पर नहीं छोड़ना चाहिए. इसके अलावा, फ्रिज में रखे हुए चावल को भी ज्यादा दिनों तक स्टोर नहीं करना चाहिए. एक्सपर्ट्स की सलाह है कि ऐसे चावल को एक से दो दिन के भीतर खा लेना चाहिए. इससे ज्यादा समय तक रखने पर बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ें- एम्स डॉक्टर ने बताया योग से कैसे बेहतर होती है फिजिकल और मेंटल हेल्थ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं