विज्ञापन

चावल के डिब्बे में रखी एक पुड़िया ने मासूम को पहुंचाया वेंटिलेटर, जानें कितना खतरनाक है एल्युमिनियम फॉस्फाइड

मुंबई की एक दर्दनाक घटना ने दिखाया कि घर की छोटी सी लापरवाही कितना बड़ा खतरा बन सकती है. चावल को कीड़ों से बचाने के लिए रखी गई एक जहरीली पुड़िया बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो गई. जानिए एल्युमिनियम फॉस्फाइड कितना खतरनाक है और कैसे आसान घरेलू तरीकों से आप अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं.

चावल के डिब्बे में रखी एक पुड़िया ने मासूम को पहुंचाया वेंटिलेटर, जानें कितना खतरनाक है एल्युमिनियम फॉस्फाइड
चावल का डिब्बा बना खतरा
NDTV

मुंबई के गिरगांव इलाके की एक दर्दनाक घटना ने घरों में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशकों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. एक परिवार ने चावल को कीड़ों और चूहों से बचाने के लिए चावल के डिब्बे में एल्युमिनियम फॉस्फाइड की पुड़िया रख दी. कुछ दिन बाद जब डिब्बा खोला गया तो उसमें बनी जहरीली गैस पूरे कमरे में फैल गई. इसका असर परिवार की दो छोटी बेटियों पर पड़ा, जिनमें से 2 साल की बच्ची की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और वह अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है

डॉ. तुषार पालवे ने क्या कहा?

कामा हॉस्पिटल के डीन डॉ. तुषार पालवे ने बताया, "सेलफॉस या फॉस्फाइड बेहद खतरनाक और घातक केमिकल है. अगर इसकी कुछ मिलीग्राम मात्रा भी शरीर के अंदर चली जाए, तो यह जानलेवा साबित हो सकती है. 150 से 300 मिलीग्राम की मात्रा किसी इंसान की जान ले सकती है. शरीर में यह एसिड फैलने से असहनीय दर्द, सांस फूलना और गंभीर डायरिया होता है."

एल्युमिनियम फॉस्फाइड कितना खतरनाक है?

डॉक्टर के मुताबिक, एल्युमिनियम फॉस्फाइड एक जहरीला केमिकल है, जिसे ज्यादातर अनाज को कीड़ों से बचाने के लिए गोदामों में इस्तेमाल करते हैं. अगर ये गैस शरीर में चली जाए तो उल्टी-दस्त लग सकते हैं, पेट में तेज दर्द हो सकता है, सांस लेने में दिक्कत हो सकती है, चक्कर आ सकते हैं, कमजोरी महसूस हो सकती है. गंभीर हालत में किडनी, लिवर और दिल को भी नुकसान पहुंच सकता है.

चावल को कीड़ों से बचाने के लिए क्या करें?

घरों में चावल, दाल और गेहूं को कीड़ों से बचाने के लिए कीटनाशक या गोलियां रखने के बजाय ये आसान और सुरक्षित तरीके अपनाएं:

एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें

चावल को हमेशा अच्छी क्वालिटी वाले एयरटाइट डिब्बे में रखें, इससे नमी और कीड़े दोनों दूर रहते हैं.

नीम की पत्तियां रखें

सूखी नीम की पत्तियां चावल में रखने से कई तरह के कीड़े दूर रहते हैं. यह एक पारंपरिक और सुरक्षित विकल्प है.

तेजपत्ता का इस्तेमाल

चावल के डिब्बे में 2 से 3 तेजपत्ते रखने से कीटों को दूर रखने में मदद मिलती है.

नमी से बचाएं

चावल को हमेशा सूखी जगह पर रखें. नमी की वजह से कीड़े और फफूंदी तेजी से पनपते हैं.

समय-समय पर जांच करें

हर कुछ हफ्तों में डिब्बा खोलकर चावल की जांच करते रहें, अगर कीड़ों के संकेत दिखें तो तुरंत सफाई करें.

इसे भी पढ़ें: जंग लगे चाकू का इस्तेमाल करना पड़ सकता है महंगा, रेस्टोरेंट और फूड सर्विस सेक्टर को FSSAI की चेतावनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aluminium Phosphide, Rice Storage Hack, Mumbai Girgaon, Kitchen Safety Tips, Rice Storage Pesticide Danger
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com