अगर आप देश के सबसे स्वच्छ शहर में रहते हैं और हर साल बढ़ते प्रॉपर्टी टैक्स से परेशान हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब सिर्फ बारिश के पानी को सहेजकर आप अपने प्रॉपर्टी टैक्स में 10 फीसदी तक की छूट पा सकते हैं. इंदौर में नगर निगम ने ऐसी इमारतों और मकानों के लिए विशेष रिबेट की घोषणा की है, जिनमें रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगा हो और वह सही तरीके से काम कर रहा हो. इस पहल का उद्देश्य पानी बचाने के साथ-साथ लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करना है.
रेनवॉटर हार्वेस्टिंग पर मिलेगा टैक्स में फायदा
इंदौर नगर निगम ने कार्यशील रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम वाले भवनों को प्रॉपर्टी टैक्स में 10 प्रतिशत तक की छूट देने का फैसला किया है. नगर निगम का मानना है कि इससे शहर में अधिक से अधिक लोग वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाएंगे और भूजल स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
ऐसे मिलेगा 10% प्रॉपर्टी टैक्स रिबेट
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए मकान मालिकों को अपनी संपत्ति में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करना होगा. इसके बाद नगर निगम की टीम उस सिस्टम का निरीक्षण करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि वह सही ढंग से काम कर रहा है. जांच पूरी होने के बाद संबंधित अधिकारी प्रमाणन देंगे, तभी संपत्ति को टैक्स छूट के लिए पात्र माना जाएगा.
सिर्फ सिस्टम लगाना काफी नहीं
नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि यह छूट स्थायी नहीं होगी. रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगातार चालू और कार्यशील स्थिति में रहना चाहिए. यदि बाद में हुए निरीक्षण में सिस्टम खराब मिला या उसे हटा दिया, तो अगले वित्तीय वर्ष से टैक्स में मिलने वाली 10 प्रतिशत छूट स्वतः समाप्त कर दी जाएगी.
ये भी पढ़ें- ग्रामीणों ने पहली बारिश में बचा लिया 31 करोड़ लीटर पानी, महज 15 दिन में वॉटर हार्वेस्टिंग कर रचा कीर्तिमान
जल संरक्षण को बढ़ावा देने की पहल
नगर निगम की यह योजना जल संरक्षण और सतत शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. रेनवॉटर हार्वेस्टिंग के जरिए बारिश के पानी को संरक्षित कर भूजल में पहुंचाया जाता है, जिससे पानी का स्तर बनाए रखने में मदद मिलती है. साथ ही भविष्य में जल संकट की स्थिति से निपटने में भी यह व्यवस्था कारगर साबित हो सकती है.
इंदौर तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसके साथ पानी की मांग भी लगातार बढ़ रही है. ऐसे में नगर निगम चाहता है कि नागरिक पानी के संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं. अधिकारियों का मानना है कि आर्थिक लाभ मिलने से अधिक लोग रेनवॉटर हार्वेस्टिंग अपनाने के लिए प्रेरित होंगे.
लोगों और पर्यावरण दोनों को फायदा
यह योजना एक ऐसा मॉडल पेश करती है जिसमें लोगों को आर्थिक राहत भी मिलेगी और पर्यावरण को भी लाभ होगा. जो लोग अपने घरों में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाते हैं, वे एक तरफ प्रॉपर्टी टैक्स में बचत कर सकेंगे, वहीं दूसरी तरफ शहर के जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में भी योगदान देंगे. यही वजह है कि इस पहल को इंदौर के लिए एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम माना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं