जैसा खाए अन्न, वैसा होए मन. एकदम सही बात है.आयुर्वेद में भी आहार से खुद को स्वस्थ रखने की सलाह देता है. यही वजह है कि आयुर्वेद में आहार से जुड़े बहुत से नियम है. कुछ आहार ऐसे हैं जो आपको रोगमुक्त रख सकते हैं. इन्हीं में से एक है अंजीर. अंजीर (Fig) एक स्वादिष्ट फल तो है ही साथ ही यह पोषक तत्वों से भरपूर भी है. यह गुणों की खान है, इसमें फाइबर, पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. ये सभी गुण शरीर के लिए बेहद लाभदायक हैं. हालांकि, इसका सेवन संतुलित मात्रा में करना चाहिए, क्योंकि अधिक मात्रा में खाने से कुछ नुकसान भी हो सकते हैं.
अंजीर के फायदे और नुकसान के बारे में जानने के लिए एनडीटीवी ने बात की आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार (Prof. Dr. Ram Avtar) से. वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ हैं और उनके पास योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
अंजीर खाने के 10 बड़े फायदे, कई बीमारियां रहेंगी दूर, अंजीर के नुकसान पर भी रखें नजर:
अंजीर खाने के 10 बड़े फायदे:
- पाचन तंत्र होगा बेहतर : डॉ. राम अवतार के अुनसार अंजीर में भरपूर फाइबर होता है, जो कब्ज की समस्या को कम करने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है.
- दिल को रखे स्वस्थ: डॉक्टर ने एनडीटीवी को बताया कि अंजीर में पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं. ये दोनों ही ब्लड प्रेशर यानि रक्तचाप को कंट्रोल करने में मददगार होता है. साथ ही साथ यह दिल की सेहत के लिए भी बहुत अच्छा है.
- हड्डियों को बनाए मजबूत: अंजीर न सिर्फ खाने में शानदार लगता है, बल्कि यह कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे गुणों से भी भरा है. ये सभी आपकी हड्डियों और दांतों की मजबूती में बढ़ाने में फायदेमंद होते हैं.
- ब्लड शुगर कंट्रोल में मदद: सीमित मात्रा में अंजीर का सेवन, खासकर ताजा अंजीर, संतुलित आहार का हिस्सा हो सकता है. हालांकि, सूखे अंजीर में प्राकृतिक शर्करा अधिक होती है, इसलिए मधुमेह के मरीज डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह से ही सेवन करें.
- वजन घटाने में मददगार : अंजीर में काफी मात्रा में फाइबर पाया जाता है. यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और आप अतिरिक्त कैलोरी लेने से बच जाते हैं. और वजन कम होता है.
- रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद : अंजीर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने और प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में मदद करते हैं.
- खून की कमी में सहायक: अंजीर में आयरन होता है, जो आयरन युक्त संतुलित आहार का हिस्सा बन सकता है. लेकिन एनीमिया के इलाज के लिए केवल अंजीर पर निर्भर नहीं रहना चाहिए.
- त्वचा के लिए फायदेमंद: इसके एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को फ्री-रैडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं, जिससे त्वचा स्वस्थ और चमकदार दिख सकती है.
- ऊर्जा का अच्छा स्रोत: सूखे अंजीर में प्राकृतिक शर्करा और कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान कर सकते हैं.
- रक्तचाप को संतुलित रखने में मदद: पोटैशियम से भरपूर होने के कारण अंजीर, संतुलित आहार के साथ मिलकर ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है.

Anjeer Ke Fayde Nuksan.
अंजीर खाने के नुकसान:
- आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार ने बताया कि ज्यादा मात्रा में खाने से दस्त, गैस या पेट फूलने की समस्या हो सकती है.
- सूखे अंजीर में प्राकृतिक शर्करा और कैलोरी अधिक होती है, इसलिए अधिक सेवन से वजन और ब्लड शुगर बढ़ सकती है.
- कुछ लोगों को अंजीर से एलर्जी हो सकती है, जिससे खुजली, सूजन या अन्य एलर्जिक लक्षण हो सकते हैं.
- किडनी की कुछ समस्याओं में अधिक पोटैशियम का सेवन उचित नहीं होता, इसलिए ऐसे लोग डॉक्टर से सलाह लें.
- अगर आप खून पतला करने वाली दवाएं या किसी विशेष बीमारी की दवा ले रहे हैं, तो नियमित रूप से अधिक मात्रा में अंजीर खाने से पहले चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है.
अंजीर खाने का सही तरीका:
आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार ने कहा कि अंजीर के गुणों का फायदा आप पूरी तरह तभी उठा सकते हैं, जब आप इसका सेवन सही तरीके से करें. तो चलिए जानते हैं अंजीर के सेवन का सही तरीका-
- 2–3 सूखे अंजीर रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाएं.
- ताजा अंजीर उपलब्ध हो तो 2–3 फल स्नैक के रूप में खा सकते हैं.
- इसे ओट्स, दही, सलाद या स्मूदी में मिलाकर भी खाया जा सकता है.
अंजीर पोषक तत्वों से भरपूर फल है, जो पाचन, हड्डियों, हृदय और समग्र स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हो सकता है. हालांकि, इसे किसी बीमारी का इलाज नहीं माना जाना चाहिए. संतुलित मात्रा में सेवन और स्वस्थ जीवनशैली के साथ ही इसका सबसे अधिक लाभ मिलता है.
आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार (Prof. Dr. Ram Avtar) एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ हैं. उनके पास योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
यह भी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं