प्रकृति में कई ऐसे पौधे हैं, जो अपनी अनोखी विशेषताओं के कारण अलग पहचान रखते हैं. ऐसी ही एक आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है अमर बेल (Amar Bel), जिसे आकाश बेल, अमरलता या डोडर के नाम से भी जाना जाता है. ये एक परजीवी पौधा है, जिसकी खुद की जड़ नहीं होती. अमर बेल दूसरे पेड़ों और पौधों से चिपककर उनसे पोषण प्राप्त करती है और उसी के सहारे बढ़ती रहती है. आयुर्वेद में सदियों से इसका इस्तेमाल कई स्वास्थ्य समस्याओं के लिए किया जाता रहा है. गाजिया बाद स्थित परमार्थ आश्रम के आयुर्वेदाचार्य डॉ. राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि अमरबेल में वीर्य को बढ़ाने का गुण होता है. इसके साथ ही ये कफ, पित्त और वात दोष को भी संतुलित रखने में मददगार होता है. अगर आप नियमित रूप से इसका प्रयोग करते हैं, तो इससे कई तरह की दिक्कतों को दूर किया जा सकता है. यहां जानते हैं अमरबेल से होने वाले फायदे क्या हैं?
झड़ते बालों की परेशानी करे दूर
अमर बेल का नाम सबसे ज्यादा बालों की देखभाल से जुड़ा माना जाता है. आयुर्वेद एक्सपर्ट का कहना है कि इसके अर्क का इस्तेमल सिर की स्किन को पोषण देने और बालों की जड़ों को मजबूत बनाने के लिए किया जाता है. माना जाता है कि ये बाल झड़ने की समस्या को कम करने और समय से पहले सफेद होने वाले बालों की रफ्तार को धीमा करने में मदद कर सकती है. यही वजह है कि कई हर्बल हेयर ऑयल और हेयर केयर उत्पादों में इसका इस्तेमाल किया जाता है.
तनाव और मानसिक थकान में राहत
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव एक आम समस्या बन गया है. पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में अमर बेल को ऐसे पौधों में गिना जाता है जो शरीर को शांत करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद कर सकते हैं. इसके कुछ प्राकृतिक तत्व तनाव, बेचैनी और मानसिक थकान को कम करने में सहायक माने जाते हैं.
लिवर के लिए है फायदेमंद
आयुर्वेद में अमर बेल का इस्तेमाल लिवर को स्वस्थ रखने के लिए भी किया जाता रहा है. माना जाता है कि इसमें मौजूद कुछ जैव सक्रिय तत्व शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं. हालांकि किसी भी बीमारी के इलाज के लिए इसका उपयोग डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए.
स्किन को रखे हेल्दी
अमर बेल में एंटीऑक्सीडेंट और सूजनरोधी गुण पाए जाने की बात कही जाती है. इसी वजह से पारंपरिक रूप से इसका उपयोग त्वचा से जुड़ी कुछ समस्याओं में भी किया जाता रहा है. यह त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने और बाहरी नुकसान से बचाने में मदद कर सकती है.
इम्यूनिटी करे बूस्ट
आयुर्वेदिक ग्रंथों में अमर बेल को शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने वाली जड़ी-बूटियों में शामिल किया गया है. नियमित और सही मात्रा में विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार इसका सेवन शरीर को मौसमी बीमारियों से लड़ने में मदद कर सकता है.
ये भी पढ़ें - सोने से पहले हल्दी वाला दूध पीने के फायदे क्या हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं