Air Purifier: दिल्ली और भारत के कई अन्य शहरों में काफी ज्याजा वायु प्रदूषण देखने को मिल रहा है. इसके चलते अधिकतर लोग खांसी, सांस लेने में परेशानी समेत अन्य समस्याओं से परेशान नजर आ रहे हैं. ऐसे में प्रदूषण से बचने के लिए अधिकतर लोगों ने एयर प्यूरीफायर खरीदना शुरू कर दिया है. दावा किया जाता है कि ये मशीन घर के अंदर की हवा को साफ बनाकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाने में मदद करती है. लेकिन क्या दिल्ली में एयर प्यूरीफायर सच में फायदेमंद है. आज हम आपको इसी के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी NDTV से बातचीत के दौरान डॉक्टर गोपीचंद खिलनानी (चेयरमैन, इंस्टीट्यूट ऑफ प्लमोनरी, PSRI) ने दी है.
एयर प्यूरीफायर कैसे काम करता है?
डॉक्टर गोपीचंद बताते हैं कि एयर प्यूरीफायर एक तरह की फिल्टर मशीन होती है, जिसमें आमतौर पर HEPA (High Efficiency Particulate Air) फिल्टर लगा होता है. ये फिल्टर हवा में मौजूद धूल, धुएं और PM 2.5 जैसे बेहद छोटे प्रदूषक कणों को छानने का काम करता है. इसके बाद मशीन से निकलने वाली हवा अपेक्षाकृत साफ होती है.
यह भी पढ़ें: एसिडिटी से पेट में जलन और दर्द रहता है? आयुर्वेदिक डॉक्टर ने बताए 2 सबसे असरदार तरीके
किन लोगों को हो सकता है फायदा?
डॉक्टर गोपीचंद ने बताया कि एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है जो दमा, ब्रोंकाइटिस, COPD जैसी श्वसन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं. इसके अलावा हृदय रोगियों, कम इम्यूनिटी वाले लोगों और बुजुर्गों को भी इससे कुछ राहत मिल सकती है. उन्होंने आगे बताया कि कि एयर प्यूरीफायर के उपयोग से अस्थमा और COPD मरीजों में अटैक की संभावना कम हो सकती है और इन्हें इनहेलर की कम जरूरत पड़ सकती है. हालांकि, वर्तमान में ऐसा कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि एयर प्यूरीफायर फेफड़ों की क्षमता को बढ़ा देता है.

एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
- एयर प्यूरीफायर का सबसे अच्छा प्रभाव बंद कमरे में मिलता है.
- अगर कमरे में एसी चल रहा हो तो उसे क्लोज्ड सर्किट या रीसर्कुलेशन मोड पर रखें.
- कमरे के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने से मशीन बेहतर तरीके से हवा को फिल्टर कर पाती है.
- फिल्टर की समय-समय पर सफाई और बदलाव भी जरूरी है.
कब ज्यादा फायदेमंद हो सकता है एयर प्यूरीफायर?
डॉक्टर के अनुसार जब AQI और PM 2.5 का लेवल खतरनाक श्रेणी में पहुंच जाए, तब घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का उपयोग ज्यादा लाभदायक माना जाता है. खासतौस से प्रदूषण के चरम स्तर वाले दिनों में सेंसिटिव लोगों को इससे कुछ हद तक सुरक्षा मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: सांस ही नहीं... दिल और दिमाग पर भी भारी पड़ रही जहरीली हवा, इस स्टडी में सामने आया सेहत से जुड़ा खतरा
यह भी पढ़ें: हार्ट को साफ और लिवर को रिज्यूविनेट करने के लिए पिएं ये अर्जुन काढ़ा, बाबा रामदेव ने बताया बनाने का तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं