फैटी लिवर की समस्या से पीड़ित लोग अक्सर यही सोचते रह जाते हैं कि क्या खाएं और क्या न खाएं. इसी सवाल को ध्यान में रखते हुए AIIMS, हार्वर्ड और स्टैनफोर्ड जैसे बड़े संस्थानों से पढ़ाई कर चुके मशहूर गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक बेहद जानकारी से भरा वीडियो शेयर किया है. उन्होंने 5 ऐसी चीजों के बारे में बताया है जो लिवर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराती हैं.
फैटी लिवर में क्या खाएं?
एवोकाडो | Avocado
एवोकाडो में हेल्दी फैट, फाइबर और विटामिन ई जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. ये शरीर में जमा खराब फैट को कम करने और इंसुलिन रेजिस्टेंस को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं. अगर आप स्वाद बढ़ाना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा नमक और काली मिर्च डाल सकते हैं.
पनीर या मोज़ेरेला चीज़ | Paneer Or Mozzarella Cheese
डॉक्टर आगे बताते हैं कि पनीर और मोज़रेला चीज़ में प्रोटीन और कैल्शियम अच्छी मात्रा में होती है. ऐसे में आप सादे पनीर के टुकड़े या चीज़ स्टिक को स्नैक के रूप में खा सकते हैं.
नट्स और बीज | Nuts and Seeds
डॉक्टर सौरभ ने बताया कि बादाम, अखरोट, सूरजमुखी के बीज, चिया सीड्स और अलसी के बीज हेल्दी फैट और प्रोटीन से भरपूर होते हैं. इन्हें भूनकर बिना नमक के या कच्चा खाना सबसे अच्छा माना जाता है.
ग्रीक योगर्ट
डॉक्टर के अनुसार ग्रीक योगर्ट में प्रोबायोटिक्स और हाई-क्वालिटी प्रोटीन होता है, जो आंतों और लिवर दोनों की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है, इसे बेरीज या थोड़े से नट्स के साथ खाया जा सकता है.
सब्जियों की स्टिक्स
खीरा और सेलरी जैसी सब्जियों की स्टिक्स को ह्यूमस के साथ खाया जा सकता है. यह कॉम्बिनेशन फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है.
इसे भी पढ़ें: दिल्ली वालों के लिए खुशखबरी! 3 जुलाई से शुरू होगा मैंगो फेस्टिवल, सिर्फ ₹100 में चखें 400+ किस्म के आम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं