विज्ञापन

अचानक न‍िकोट‍िन के फायदे क्‍यों ग‍िनाने लगा सोशल मीड‍िया? इंटरनेट पर छिड़ी बहस पर एक्सपर्ट्स ने क्या कहा

निकोटिन को दुनिया के सबसे ज्यादा लत लगाने वाले पदार्थों में गिना जाता है. बीते कुछ सालों में कुछ लोग इसके फोकस बढ़ाने जैसे  फायदों की बात कर रहे हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना कुछ और ही है. आइए जानते हैं क्या कहना है एक्सपर्ट्स का.

अचानक न‍िकोट‍िन के फायदे क्‍यों ग‍िनाने लगा सोशल मीड‍िया? इंटरनेट पर छिड़ी बहस पर एक्सपर्ट्स ने क्या कहा
क्या सच में आपके लिए फायदेमंद है निकोटिन? जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
NDTV

सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियोज देखने को मिल रहे हैं जिसमें निकोटिन के फायदे और नुकसान के बारे में बताया जा रहा है. कई लोगों का कहना है कि निकोटिन का इस्तेमाल करने से एकाग्रता और फोकस बढ़ता है. वहीं इस दावे की पड़ताल करने के ल‍िए हमने बात की एम्‍स के डॉक्‍टर सुनील कुमार से. एम्स (AIIMS), नई दिल्ली में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार का कहना है कि इसका इस्तेमाल करने वाले लोगों को सतर्क रहना चाहिए. तो आइए जानते हैं क्या हैं निकोटिन के फायदे और इसके नुकसान.

इतना ही नहीं नेशनल हेल्‍थ लाइब्रेरी पर छपी एक स्‍टडी में भी इसके सीम‍ित उपयोग के फायदों के बारे में बताया गया है. साइकालोजी टूडे में छपी एक र‍ि‍पोर्ट में न‍िकोट‍िन के कुछ छ‍िपे हुए फायदे बताए गए हैं. 

क्या होता है निकोटिन?

निकोटिन एक तरह का केमिकल होता है जो  तंबाकू के पौधे में पाया जाता है. यह हमारे दिमाग  पर गहरा असर डालता है इसी वजह से इसे दुनियाभर में नशे के लिए खूब इस्तेमाल किया जाता है. लंबे समय तक इसे इस्तेमाल करने से इसकी लत लगने का खतरा भी काफी ज्यादा बढ़ जाता है.

निकोटीन कोई नई चीज़ नहीं है. यह तंबाकू के पौधों में पाया जाने वाला एक प्राकृतिक स्टिमुलेंट (उत्तेजक) है, जो मुख्य रूप से अपनी लत लगाने वाली प्रकृति के लिए जाना जाता है.

चेन्नई के ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल में पल्मोनोलॉजी के कंसल्टेंट और क्लिनिकल हेड, डॉ. एस. सुरेश सगदेवन बताते हैं-

"निकोटीन तेज़ी से खून में मिल जाता है और 10-20 सेकंड के अंदर दिमाग तक पहुँच जाता है, जिससे डोपामाइन, नॉर-एपिनेफ्राइन और दूसरे न्यूरोट्रांसमीटर रिलीज़ होते हैं."

केमिकल्स की यह प्रक्रिया कुछ समय के लिए ध्यान बेहतर होने, हल्की खुशी महसूस होने और तनाव कम होने जैसे असर दिखाती है.

बेंगलुरु के सकरा वर्ल्ड हॉस्पिटल में पल्मोनोलॉजी और क्रिटिकल केयर मेडिसिन के डायरेक्टर, डॉ. सचिन कुमार का भी कहना है कि निकोटीन दिमाग के रिवॉर्ड सर्किट में डोपामाइन को ट्रिगर करके एक तरह का 'बज़' (उत्तेजना या जोश) पैदा करता है, जिससे इस्तेमाल करने वाले लगभग तुरंत ही अलर्ट और रिलैक्स महसूस करते हैं.

क्या हैं इसके फायदे

कई लोगों का मानना है कि निकोटिन फोकस बढ़ाने में मदद करता है और इसके इस्तेमाल से एकाग्रता बढ़ती है. कुछ लोगों का यह भी मानना है कि अगर आप चाहते हैं कि आपका दिमाग अच्छी तरह से काम करने तो उसके लिए आपको बहुत छोड़ी मात्रा में निकोटिन को लेना चाहिए.

बता दें कि फिटनेस इंफ्लुएंसर एरिन ओपेरा रोजाना 3.5MG निकोटिन का इस्तेमाल रोजाना करती हैं. एरिन निकोटिन को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताती हैं.

कुछ अमेरिकी लोग इसे 'हेल्दी' क्यों मानते हैं?

असल में यह व‍िचार मुख्य रूप से निकोटीन को स्मोकिंग से करके देखने से आया है.  इन लोगों का मानना है कि सिगरेट में टार और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे हानिकारक केमिकल होते हैं, ऐसे में अकेला निकोटीन नुकसानरहित या फायदेमंद भी हो सकता है. 

स्टेरिस हेल्थकेयर के चेयरमैन जीवन कसारा कहते हैं, "शुरुआती रिसर्च और सोशल मीडिया की वजह से अमेरिकियों की राय है कि निकोटीन 'हेल्दी' है. लेक‍िन हमें यह नहीं भूलना चाह‍िए कि निकोटीन एकाग्रता (concentration) बढ़ा सकता है, लेकिन यह बहुत खतरनाक है और इसकी लत लग सकती है."

इसके खतरे को नहीं कर सकते इग्नोर

एक्सपर्ट्स का कहना है कि निकोटिन का इस्तेमाल कुछ लोगों के लिए कुछ कंडीशन में फायदेमंद साबित हो सकता है लेकिन सभी लोगों के लिए नहीं.  

लग सकती है लत : एक्सपर्ट्स का कहना है कि बहुत से लोगों को निकोटिन के साइड इफेक्ट्स का सामना करना पड़ता है. बहुत से लोगों को इसकी लत लगने की समस्या का भी सामना करना पड़ता है.

तो क्‍या न‍िकोट‍िन लेना शुरू कर देना चाह‍िए : नहीं, AIIMS के डॉक्‍टर सुनील कुमार ने बताया किसी भी इंफ्लुएंसर्स के कहने से आपको निकोटिन का सेवन बिल्कुल भी नहीं करना चाहिेए, वरना इसकी लत को छुड़ाना काफी मुश्किल साबित हो सकता है. और इसके साइट इफेक्‍ट्स के बारे में तो हम सभी जानते हैं. 

(डॉ. सुनील कुमार, एम्स (AIIMS), नई दिल्ली में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर हैं.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nicotine Risks, Health Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com