दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों के लिए सुबह उठना अब किसी जंग से कम नहीं है. आंख खुलते ही बाहर धुंध, गले में खराश और हवा में अजीब सी जलन. जो लोग रोज सुबह मॉर्निंग वॉक, रनिंग या साइकलिंग के लिए जाते थे, वो अब सोच रहे हैं कि जाएं या नहीं जाएं. यही सवाल NDTV ने लाइफस्टाइल एक्सपर्ट ल्यूक कुटिन्हो से पूछा, प्रदूषण से कैसे निपटें? ल्यूक का जवाब सीधा और सपाट था. उन्होंने कहा, एक्सरसाइज करना जरूरी है, लेकिन प्रदूषण वाली हवा में बाहर एक्सरसाइज करना सेहत बनाने के बजाय सेहत बिगाड़ देगा. तो चलिए जानते हैं सेहत को लेकर क्या कहा एक्सपर्ट ने.
AQI 200 के ऊपर हो तो बाहर जाना चाहिए या नहीं-
जब हम वर्कआउट करते हैं, तो हमारी सांसें तेज हो जाती हैं. सामान्य से 10 गुना ज्यादा हवा हम अपने फेफड़ों में भरते हैं. अगर वही हवा जहरीली हो, तो सोचिए फेफड़ों का क्या हाल होगा. AQI 200 के ऊपर का मतलब है, हवा में PM 2.5 और PM 10 जैसे खतरनाक कण बहुत ज्यादा हैं. ये कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के जरिए सीधे खून में मिल जाते हैं. इससे अस्थमा, एलर्जी, दिल की बीमारी और फेफड़ों की दिक्कत बढ़ जाती है. ल्यूक कहते हैं, 1 घंटे के वर्कआउट के लिए फेफड़ों को इतना नुकसान पहुंचाना समझदारी नहीं है. फिट रहने के चक्कर में हम खुद को बीमार कर रहे हैं.
यहां देखें वीडियो-
कोविड वाले दिन फिर याद आ गए-
ल्यूक ने एक बहुत सही बात कही, ये समय बिल्कुल कोविड वाला हो गया है. याद कीजिए, जब जिम बंद थे, सड़कें खाली थीं और हम सब घर में ही वर्कआउट कर रहे थे. किसी ने छत पर योगा शुरू किया था, किसी ने कमरे में ही डांस और किसी ने सीढ़ियों पर ही एक्सरसाइज कर ली थी.अब फिर वही करना होगा. फर्क सिर्फ इतना है कि तब वायरस से बचना था, अब जहरीली हवा से बचना है. लेकिन तरीका वही है, घर के अंदर रहकर ही शरीर को फिट रखना है.
किन लोगों को है सबसे ज्यादा खतरा-
ल्यूक को सबसे ज्यादा दुख इस बात का था कि बहुत से बुजुर्गों ने अभी-अभी ही मॉर्निंग वॉक की आदत डाली थी. कितने ही लोग सुबह 6 बजे पार्क में टहलने जाते थे, साइकलिंग करते थे. उन्हें लग रहा था कि अब वो फिट हो रहे हैं, लेकिन प्रदूषण ने उनकी ये आदत छीन ली. बुजुर्गों के फेफड़े वैसे ही कमजोर होते हैं. ऊपर से अगर वो प्रदूषण में वॉक करेंगे, तो खांसी, सांस फूलना और सीने में जकड़न बढ़ जाएगी. इसलिए बुजुर्गों को तो बिल्कुल भी बाहर नहीं जाना चाहिए, जब तक AQI नीचे न आ जाए. घर में ही हल्की-फुल्की एक्सरसाइज, प्राणायाम और टहलना ही उनके लिए बेस्ट है.
घर में ही कैसे करें वर्कआउट?
घर में वर्कआउट का मतलब ये नहीं है कि आप बोर हो जाएंगे. बहुत सारे आसान तरीके हैं. सुबह उठकर 20 मिनट योगा और प्राणायाम करें. अनुलोम-विलोम और भ्रामरी फेफड़ों को मजबूत करते हैं. इसके बाद 15 मिनट बॉडी वेट एक्सरसाइज करें, जैसे स्क्वाट्स, पुश-अप्स, प्लैंक. अगर घर में सीढ़ियां हैं, तो ऊपर-नीचे चढ़ना भी अच्छा कार्डियो है. जिन्हें डांस पसंद है, वो म्यूजिक लगाकर 20 मिनट डांस कर लें. बच्चों के साथ भी एक्सरसाइज की जा सकती है, इससे मन भी लगा रहेगा. बस एक बात का ध्यान रखें, घर के अंदर भी खिड़कियां बंद रखें और अगर एयर प्यूरीफायर है, तो उसे चला लें.
AQI कब हो तो बाहर जाएं?
ल्यूक की सलाह बिल्कुल साफ है. जब AQI 150 से 200 के ऊपर हो, तो घर में ही वर्कआउट करें. जब AQI 100 से नीचे आ जाए, तब बाहर जाने का पूरा फायदा उठाएं.
ये भी पढ़ें- अस्थमा के मरीज छठ घाट पर जरूर बरतें ये खास सावधानियां, बढ़ते प्रदूषण के बीच ऐसे करें छठ पूजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं