प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाला हर अल्ट्रासाउंड माता-पिता के लिए खास होता है. अधिकतर मामलों में ये बच्चे की सामान्य ग्रोथ और उसकी धड़कन से जुड़ी जानकारी देता है. ताकि समय रहते किसी भी खतरे का अंदाजा पहले लगाया जा सके. बेंगलुरु में रहने वाली एक महिला का फीटल स्कैन हुआ, जिसके दौरान पता चला कि उसके बच्चे का हार्टबीट 200 से भी ऊपर पहुंच गया है, जिसके समय गर्भ में ही बच्चे का इलाज शुरू हुआ. यहां जानते हैं पूरा मामला-
काफी ज्यादा थी बच्चे की हार्ट रेट
बेंगलुरी की वंदना (बदला हुआ नाम) की 4 महीने के प्रेग्नेंसी चल रही थी. चौथे मंथ की प्रेग्नेंसी स्टैन जब हुआ, तो उसे पता चला कि उसके बच्चे की हार्ट रेट काफी ज्यादा है. उन्होंने बेंगलुरू के नारायणा हॉस्पिटल में अपना फीटल स्कैन कराया, जिसमें उनके बच्चे के हार्ट रेट की स्थिति का पता चला. इस मामले में कंसल्टेंट पीडियाट्रिक्स कार्डियोलॉजिस्ट एंड फीटल कार्डियोलॉजी स्पेशलिस्ट डॉ.मोहंती स्वेता हरिश का कहना है कि जब गर्भवती महिला उनके पास आई थीं, तो उनकी प्रेग्नेंसी चौथे महीने में थीं, तब नियमित फीटल अल्ट्रासाउंड जांच में बच्चे की हार्ट रेट सामान्य से काफी ज्यादा पाई गई.
रूटीन स्कैन में दिखा खतरा
वंदना जब प्रेग्नेंसी के चौथे महीने में थीं, तब उनके नियमित फीटल अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टर्स ने पाया कि बच्चे के दिल की धड़कन सामान्य से कहीं ज्यादा तेज है. आमतौर पर गर्भ में पल रहे शिशु की हार्ट रेट 180 बीट प्रति मिनट से कम होती है, लेकिन इस मामले में हार्टबीट काफी ऊपर पहुंच चुकी थी. डॉक्टर का कहना है कि लंबे समय तक इतनी तेज धड़कन रहने से बच्चे के दिल पर दबाव बढ़ जाता है. इससे दिल की पंपिंग क्षमता प्रभावित हो सकती है और गंभीर मामलों में हार्ट फेलियर जैसी स्थिति भी पैदा हो सकती है.
जांच में सामने आई हार्ट से जुड़ी गंभीर समस्या
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के बाद वंदना को फीटल कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में रेफर किया गया. जहां महिला की अच्छे से जांच की गई. बच्चे के दिल पर तेज धड़कन का असर दिखने लगा था. उसके शरीर में फ्लूइड जमा होने के संकेत भी मिल रहे थे, जो स्थिति के गंभीर होने का संकेत था. ऐसे मामलों में देरी बच्चे के लिए खतरनाक साबित हो सकती है, इसलिए डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू करने का फैसला लिया.
जन्म से पहले ही शुरू हो गया इलाज
वंदना को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया और बच्चे की असामान्य हार्ट रेट को नियंत्रित करने के लिए मां के शरीर के जरिए दवाएं दी गईं. कई दवाओं के संयोजन और लगातार निगरानी के बाद बच्चे की धड़कन सामान्य स्तर पर आ गई.
इलाज का असर धीरे-धीरे दिखाई देने लगा. बच्चे के दिल की कार्यक्षमता में सुधार हुआ और शरीर में जमा अतिरिक्त फ्लूइड भी खत्म होने लगा. इसके बाद गर्भावस्था सामान्य रूप से आगे बढ़ी और तय समय पर स्वस्थ बच्चे का जन्म हुआ.
गर्भ में ही कई हार्ट बीमारियों का इलाज है संभव
डॉक्टर का कहना है कि आज मेडिकल साइंस की मदद से गर्भ में पल रहे बच्चे की कई हार्ट से जुड़ी समस्याओं की पहचान और कुछ मामलों में इलाज भी जन्म से पहले किया जा सकता है. इसके लिए समय पर जांच और एक्सपर्ट की निगरानी बहुत ही जरूरी होती है.
फीटल इको क्या है?
फीटल इको या फीटल इकोकार्डियोग्राफी एक विशेष अल्ट्रासाउंड जांच है, जिसके जरिए गर्भ में पल रहे बच्चे के हार्ट का स्ट्रक्चर और उसकी कार्य करने की क्षमता का पता लगाया जा सकता है. अगर सामान्य अल्ट्रासाउंड में दिल से जुड़ी किसी गड़बड़ी का संदेह हो, परिवार में जन्मजात हार्ट डिजीज का इतिहास हो या मां को कुछ विशेष बीमारियां हों, तो डॉक्टर ये जांच कराने की सलाह दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें - अचानक सर्दियों में बढ़ जाती है दिल की धड़कन? जानें क्या है विंटर एंग्जायटी और इससे कैसे बचें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं