विज्ञापन

2 महीने में 4 सुसाइड! कुरुक्षेत्र NIT में छात्रों ने की नारेबाजी, प्रशासन ने गेट पर जड़े ताले, कैंपस में भारी पुलिस बल की तैनाती

सैकड़ों छात्रों के इस हंगामें के बाद कुरुक्षेत्र NIT में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं. ये छुट्टियां कितने दिन तक चलेंगी ये अभी तक तय नहीं किया गया है. पढ़ें कमल सैनी की यह रिपोर्ट.

2 महीने में 4 सुसाइड! कुरुक्षेत्र NIT में छात्रों ने की नारेबाजी, प्रशासन ने गेट पर जड़े ताले, कैंपस में भारी पुलिस बल की तैनाती
NDTV Reporter

Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) में बी-टेक की छात्रा दीक्षा के सुसाइड के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं. छात्रा की मौत की खबर मिलते ही गुरुवार देर रात सैकड़ों छात्र कैंपस में इकट्ठा हो गए और 'We Want Justice' के नारों के साथ जबरदस्त हंगामा शुरू कर दिया. छात्रों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए NIT प्रशासन ने तुरंत मेन गेट बंद कर दिए और मीडिया की एंट्री पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी. मौके की गंभीरता को देखते हुए कैंपस के अंदर पुलिस और भारी संख्या में गार्ड्स को तैनात करना पड़ा है.

'एकेडमिक टॉर्चर की वजह से बढ़ रहे सुसाइड'

हंगामा कर रहे छात्रों ने प्रशासन और शिक्षकों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. छात्रों का कहना है कि दीक्षा का शव काफी देर तक कमरे में फंदे से लटका रहा, लेकिन किसी भी अधिकारी या प्रोफेसर ने समय पर सुध नहीं ली. जब छात्रों ने इस संवेदनहीनता पर सवाल उठाए, तो प्रोफेसरों ने संवेदना दिखाने के बजाय छात्रों को ही डांटना शुरू कर दिया. छात्रों ने साफ तौर पर कहा कि कैंपस में एक खास 'लॉबी' सक्रिय है जो स्टूडेंट्स को मानसिक रूप से परेशान कर रही है और इसी 'एकेडमिक टॉर्चर' की वजह से सुसाइड के मामले बढ़ रहे हैं.

'मार्कशीट नहीं देने की धमकी देते हैं प्रोफेसर'

छात्रों ने यह भी खुलासा किया कि प्रोफेसर उन्हें खुलेआम धमकियां देते हैं. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बताया कि उन्हें डराया जा रहा है कि अगर उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया तो उन्हें बाहर निकाल दिया जाएगा और उनकी मार्कशीट तक नहीं दी जाएगी. छात्रों के मुताबिक, कैंपस में पिछले दो महीने से मौत का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है. 16 फरवरी को तेलंगाना के अंगोद शिवा ने फांसी लगाई थी, जिसके बाद 31 मार्च को नूंह के रहने वाले पवन कुमार और फिर 9 अप्रैल को सिरसा के प्रियांशु वर्मा का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था. प्रियांशु और पवन बी-टेक के होनहार छात्र थे, लेकिन मानसिक दबाव ने उनकी जान ले ली.

अब CBI जांच की मांग

छात्रों का गुस्सा इस बात पर भी है कि तीन सुसाइड होने के बाद प्रशासन ने एक जांच कमेटी बनाई थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक नहीं की गई. छात्रों ने संस्थान में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब एक हफ्ते में दो-दो सुसाइड हो रहे हैं, तो प्रशासन सो क्यों रहा है? छात्रों ने अब कॉलेज की किसी भी कमेटी पर भरोसा करने से इनकार कर दिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष CBI जांच की मांग पर अड़ गए हैं. उनका कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और इस माहौल को बदला नहीं जाता, उनका विरोध जारी रहेगा. फिलहाल कैंपस में भारी तनाव है. पुलिस और गार्ड्स की तैनाती की गई है ताकि हंगामा और न बढ़े.

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र के कार्यवाहक निदेशक ब्रह्मजीत ने बताया कि प्रशासन ने छात्रों द्वारा की गई कई मांगों को स्वीकार कर लिया है. छात्रों ने कल रात परिसर में छात्रा की कथित आत्महत्या के बाद विरोध प्रदर्शन किया था.

ये भी पढ़ें:- हरियाणा राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग, कांग्रेस ने 5 विधायकों को किया निलंबित

लेखक के बारे में
img
पुलकित मित्तल
Senior Sub Edtior
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NIT Kurukshetra Student Suicide News, Protest In NIT Campus, CBI Inquiry For NIT Kurukshetra, Priyanshu Verma Suicide Case, Haryana News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com