विज्ञापन

फरीदाबाद में 8वीं के छात्र के साथ बाथरूम में कुकर्म, स्कूल जाने से डरने लगा मासूम; पूछने पर फूट-फूटकर रोया

हरियाणा के फरीदाबाद में एक सरकारी स्कूल के अंदर 12 साल के मासूम के साथ उसके ही क्लासमेट्स द्वारा कुकर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फरीदाबाद से जितेंद्र की रिपोर्ट

फरीदाबाद में 8वीं के छात्र के साथ बाथरूम में कुकर्म, स्कूल जाने से डरने लगा मासूम; पूछने पर फूट-फूटकर रोया
फरीदाबाद में एक सरकारी स्कूल के अंदर 12 साल के मासूम के साथ उसके ही क्लासमेट्स द्वारा कुकर्म का मामला सामने आया है.

Haryana Crime News: हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया है. सारन थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले 12 वर्षीय मासूम के साथ उसी की कक्षा में पढ़ने वाले दो किशोरों ने कुकर्म की वारदात को अंजाम दिया. इस घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन बल्कि स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

छुट्टी के बाद रची गई साजिश

यह पूरी घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है. पीड़ित छात्र 8वीं कक्षा में पढ़ता है. जानकारी के अनुसार जब स्कूल की छुट्टी हुई और छात्र अपने घर जाने की तैयारी कर रहा था तभी उसकी ही क्लास के दो अन्य छात्र (उम्र 14-15 वर्ष) उसे बहला-फुसलाकर स्कूल के बाथरूम की तरफ ले गए. वहां अकेलेपन का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने मासूम के साथ गलत काम किया और उसे डराया-धमकाया.

डरा हुआ मासूम और परिजनों का खुलासा

वारदात के बाद पीड़ित छात्र इतना सहम गया था कि उसने डर के मारे घर पर किसी को कुछ नहीं बताया. अगले दिन उसने स्कूल जाने से साफ मना कर दिया. जब माता-पिता ने स्कूल न जाने का कारण पूछा और थोड़ी सख्ती दिखाई तो मासूम का सब्र टूट गया. वह फूट-फूटकर रोने लगा और अपने साथ हुई दरिंदगी की पूरी कहानी बयां कर दी. बेटे की आपबीती सुनकर परिजनों के होश उड़ गए और वे तुरंत न्याय की गुहार लेकर सारन थाने पहुंचे.

स्कूल प्रशासन की चुप्पी और पुलिस की कार्रवाई

इस मामले में स्कूल प्रबंधन का रवैया बेहद चौंकाने वाला रहा. जब स्कूल की प्रिंसिपल से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने मामले की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया. प्रिंसिपल के इस गैर-जिम्मेदाराना बयान के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.

सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि 24 अप्रैल को शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई. दोनों आरोपी छात्र पीड़ित के ही गांव के रहने वाले हैं. पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पीड़ित छात्र की काउंसलिंग कराई जा रही है और पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- भाजपा नेता जयपाल पूनिया हत्याकांड में बड़ा फैसला, पूर्व विधायक के भाई समेत 9 को उम्रकैद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Faridabad News, Haryana Crime, School Crime, POCSO Act, Faridabad Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com