अंबाला के गांव धनौरा से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां 4 साल का एक मासूम निर्भय खेलते-खेलते खुले बोरवेल में गिर गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, भारतीय सेना, एनडीआरएफ और अन्य रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं. बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. इस घटना की जानकारी मिलते ही लोग मासूम के सुरक्षित बाहर आने की दुआ कर रहे हैं.'
दादा को खाना देने आया था निर्भय
दरअसल, मंगलवार सुबह 7 बजे धन्यौड़ा गांव में निर्भय अपने पिता के साथ दादा को खाना देने खेत में आया था. इसी दौरान खेलते-खेलते उसका पैर 220 फीट गहरे बोरवेल में फिसल गया और वह खुले बोरवेल में जा गिरा. परिजनों ने तुरंत गांव के सरपंच और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही DC अजय तोमर के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए.

बोरवेल के पास बचावकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं
Photo Credit: NDTV
बोरवेल की गहराई अधिक होने के कारण NDRF-SDRF और सेना को भी बुलाया गया. बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. आधुनिक उपकरणों की मदद से मासूम तक सुरक्षित पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया गया है और अनावश्यक भीड़ को दूर रखा जा रहा है, ताकि रेस्क्यू अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए.
इस दुखद घटना को लेकर गांव धनौरा सहित पूरे इलाके में चिंता का माहौल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और हर कोई मासूम निर्भय के सुरक्षित बाहर आने की प्रार्थना कर रहा है. वहीं बेटे की जान मसूबित में देख परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन का पूरा फोकस मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने पर है.
ये भी पढ़ें- फलोदी में हुक से लटका पति का शव, दो बच्चों के साथ मृत मिली पत्नी, बताया भूत का साया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं