- हादसे में सूरत निवासी वकील अशोकभाई पटेल और उनकी बेटी ऋतिका पटेल की मौत हो गई और उनकी पत्नी सुधाबेन लापता हैं
- अशोकभाई पटेल और उनका परिवार 31 अक्टूबर को सूरत से चारधाम यात्रा के लिए निकला था, जो एक धार्मिक यात्रा थी
- दुर्घटना की खबर मिलते ही सूरत के कतारगाम इलाके में शोक की लहर फैल गई और परिवार के फ्लैट पर ताला लग गया
सूरत से चारधाम यात्रा पर निकले एक परिवार की खुशियां उत्तराखंड में हुए भीषण सड़क हादसे ने पलभर में छीन लीं. उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर सात लोगों को लेकर जा रही एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.
परिवार में पिता और बेटी की मौत
हादसे में सूरत निवासी वकील अशोकभाई पटेल और उनकी बेटी ऋतिका पटेल की मौत हो गई. उनकी पत्नी सुधाबेन का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है और उन्हें लापता माना जा रहा है. परिवार का बेटा वेदांत पटेल घायल हो गया है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. उत्तरकाशी डिजास्टर कंट्रोल के अनुसार हादसे में ड्राइवर समेत चार लोगों की मौत हुई है जबकि एक व्यक्ति घायल है और दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.
31 अक्टूबर को यात्रा पर निकला था परिवार
जानकारी के अनुसार अशोकभाई पटेल अपने परिवार और तीन रिश्तेदारों के साथ 31 अक्टूबर को सूरत से चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुए थे. परिवार धार्मिक प्रवृत्ति का था और लंबे समय से इस यात्रा की तैयारी कर रहा था. गुरुवार को गंगोत्री मार्ग पर उनकी यात्रा अचानक दुखद हादसे में बदल गई.
कतारगाम में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही सूरत के कतारगाम स्थित शिवालिक रेसिडेंसी में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार के फ्लैट पर ताला लगा है और आसपास के लोग शोक में हैं. पड़ोसियों के अनुसार अशोकभाई बेहद मिलनसार और मददगार व्यक्ति थे. उनकी पत्नी सुधाबेन मंदिर की सेवा से जुड़ी थीं. बेटी ऋतिका बीसीए की पढ़ाई पूरी कर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी जबकि बेटा वेदांत 12वीं साइंस का छात्र है. परिवार भगवान के दर्शन और आध्यात्मिक यात्रा के उद्देश्य से घर से निकला था लेकिन यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया.
यह भी पढ़ें- यह भी पढ़ें | उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बड़ा सड़क हादसा, 4 श्रद्धालुओं की मौत, दो महिला लापता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं