विज्ञापन

कुंडा में गले मिलकर आए बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बताया पाखंडी, मंच से आरोपों की बौछार

बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कुछ और टिप्पणियों को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि किसी के बारे में कुछ भी कह दो. ऐसा नहीं चलेगा. करवा चौथ को कमस चौथ कह दो, यह क्या बात हुई.

कुंडा में गले मिलकर आए बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बताया पाखंडी, मंच से आरोपों की बौछार
  • योग गुरु बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला किया और उनकी आलोचना की
  • उन्होंने भगवान राम और कृष्ण की तुलना पर आपत्ति जताई और कृष्ण को टेढ़ा कहने वाले को पाखंडी बताया
  • बाबा रामदेव ने सनातनी संस्कृति के नाम पर समाज में फूट डालने और षड्यंत्र रचने वालों की निंदा की
नई दिल्ली:

योग गुरु बाबा रामदेव ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने महिला सशक्तीकरण पर आयोजित एक कार्य़क्रम में बिना नाम लिए ही धीरेंद्र शास्त्री पर खूब हमला बोला. उन्होंने भगवान कृष्ण को टेढ़ा कहने और भगवान राम से तुलना किए जाने पर सख्त आपत्ति जताई. बाबा रामदेव ने कहा, 'यह सुन लो कि जो देवी-देवताओं की तुलना करे. राम महान हैं और कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं. फिर माफी मांग ले. फिर बांके-बिहारी मंदिर जाकर दर्शन करे और कहे कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं. अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी.' योग गुरु रामदेव इतने पर ही नहीं रुके बल्कि बिना नाम लिए ही सब कुछ कहते गए और आरोपों की बौछार कर दी. 

स्वामी रामदेव ने कहा, 'पिछले कुछ दिनों से हम सनातनी संस्कृति के नाम पर तनातनी संस्कृति को देखकर बहुत आहत हैं. मैं आज कुछ नोट्स बना रहा था. इसका पहला वाक्य है- कट्टर हिंदू संस्कृति बनाने के नाम पर तनातनी संस्कृति बनाने के लिए, समाज में फूट डालने के लिए और षड्यंत्र के उद्देश्य से कुछ लोग सक्रिय हैं. पहले खतरे की पैदा करो और फिर कहो कि हम हिंदुओं को बचाएंगे. आखिर तुम कैसे बचाओगे. तुम्हारी क्या औकात है. सनातन की आड़ लेकर कुछ लोग हिंसा की सिखा रहे हैं. कुछ लोग एक हाथ में माला और एक में भाला की बात कर रहे हैं. यदि ऐसा है तो फिर पुलिस क्या करेगी. क्या आपके भाला से हिंदू बचेंगे.'

इसके आगे रामदेव ने कहा कि देश में अब भाला, लाठी की जरूरत नहीं है. लोकतंत्र, संविधान और कानून की एक गरिमा है. उससे ही देश चलेगा. हमारा जीवन योग, बड़ों के ज्ञान और धार्मिक अनुशासन से चलता है. कई बार शासन में भी कुछ लोग गलत हो जाते हैं. अनुशासनहीनता में जीवन का विनाश है. इसलिए सबसे बड़ा है आत्मानुशासन. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने न वेद पढ़ा है और न पुराण पढ़े हैं. ऐसे लोग खड़े होकर कुछ न कुछ बकवास करते रहते है. अरे तू खुद को ही बचा ले बावले. पाखंडी कहीं का धूर्त. सनातन के नाम पर लोगों को भड़काने वाले पाखंडी कथाकार धार्मिक उन्माद पैदा करके उनका शोषण कर रहे हैं. इस पाखंड का सबसे ज्यादा शिकार हमारी मां, बहन और बेटियां होती हैं. 

उन्होंने कहा कि हम आपसे यह कहने आए हैं कि किसी भी तरह से अंधविश्वास में न फंसें. समाज में हल्की बातें किसी को भी बोलने का अधिकार नहीं है. एक मर्यादा है. देवी-देवताओं में तुलना नहीं करनी चाहिए. हंसी मजाक और ठिठोली में भी ऐसा नहीं कहना चाहिए. हम ऐसा करने से सबको रोकते हैं ताकि कोई यह न कहे कि स्वामी रामदेव के होते हुए किसी ने पाखंड से नहीं रोका. कोई भी सनातन के नाम पर ढोंग, आडंबर और पाखंड नहीं कर सकता. हम साधु हैं. इसलिए कभी भी हम विक्षिप्तता वाली बात नहीं करते. लेकिन सच साधु को कहना चाहिए. कभी भी शैव, वैष्णव, साक्त परंपरा या फिर भगवान, साधु-संत आदि के बारे में कुछ न कहें. 

करवाचौथ वाली टिप्पणी को लेकर भी बरसे रामदेव

बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कुछ और टिप्पणियों को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि किसी के बारे में कुछ भी कह दो. ऐसा नहीं चलेगा. करवा चौथ को कमस चौथ कह दो, यह क्या बात हुई. हमें अपने व्रत, त्योहार, माता-पिता, रिश्तों और सनातन के प्रतीकों का मजाक नहीं बनाना चाहिए. मजाक उड़ाने वाले खुद ही मजाक के पात्र हैं. ऐसे रील बनाने वाले और लाफ्टर शो बनाने वाले कुछ भी कर रहे हैं. किसी समाज और वर्ग का मजाक उड़ाना गलत है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Baba Ramdev, Baba Ramdev News, Dhirendra Krishna Shashtri, Dhirendra Krishna Shastri Live Today, India News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com