- तमिलनाडु के मदुरै के थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम त्योहार पर दीप की लौ आज जलेगी
- सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी शर्तों के साथ मंदिर प्रशासन को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी
- दीपथून स्तंभ को लेकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच संपत्ति और पूजा स्थल का विवाद चल रहा था
तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम त्योहार के मौके पर मुदुरै के पास थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित स्तंभ पर आज दीप की लौ रोशन होगी. सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को 'दीपथून' पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति हिंदुओं को दी थी. हालांकि विजय सरकार इसके खिलाफ है. सरकार ने इसे लेकर अदालत में पुनर्विचार याचिका भी दाखिल की है. लेकिन सरकार की याचिका पर अदालत ने कोई नोटिस जारी नहीं किया है. इस हिसाब से आज 'दीपथून'पर दीप जलाया जाएगा. इसके लिए सुरक्षा-व्यवस्था के सख्त इंतजाम किए जाएंगे, जिससे कोई विवाद न हो.
'दीपथून' पर आज जलेगा दीप
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने कड़ी शर्तों के सथ दीप जलाने की अनुमति दी थी. अदालत ने कहा था कि सिर्फ मंदिर प्रशासन की तय टीम और अधिकारी ही एएसआई, पुलिस और मदुरै जिला कलेक्टर की निगरानी में पहाड़ी के स्तंभ पर दीप जलाएंगे. कोर्ट ने ये साफ कर दिया था कि इस दौरान न तो कोई जलूस निकालने की परमिशन है और न ही कोई नारेबाजी की जा सकती है. आम जनता वहां पर नहीं जा सकेगी. अगर जरूरत हो तो वहां पर सीआरपीएफ की तैनाती भी की जाए.

दीप स्तंभ पर क्या है विवाद?
थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर मौजूद इस स्तंभ पर हिंदू और मुस्लिम समुदाय में विवाद चल रहा था. दोनों ही पक्ष इस पर अपना-अपना दावा ठोंक रहे हैं. दरअसल हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह और 'दीपथून' स्तंभ आसपास हैं. दशकों से निचली ढलान पर स्थित दीप मंडपम में दीप जलाया जाता रहा है. हिंदू पक्ष की मांग थी कि पहाड़ी के ऊपर बने दीपथून पर दीप जलाया जाए.वहीं दरगाह ये कहते हुए इसका विरोध कर रही है कि ये जगह उनकी संपत्ति है.
क्या कह रही तमिलनाडु सरकार?
तमिलनाडु सरकार कह रही है कि परंपरा के मुताबिक, पहले दीप मंडपम में दीप जलाया जाता था. वहीं हिंदू पक्ष की याचिका पर मद्रास हाईकोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दे दी थी, जिसके बाद ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था. कोर्ट ने हिंदू पक्ष को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति हिंदू पक्ष को दे दी है. लेकिन विजय सरकार इसका विरोध कर रही है.
तमिलनाडु सरकार ने लगाई थी रोक
तमिलनाडु सरकार ने पहले इस पर रोक लगा दी थी बाद में मामला उठाया गया और हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर कर इसे चुनौती दी गई. एकल न्यायाधीश ने अपने विस्तृत आदेश में कहा कि यह एक प्राचीन परंपरा है. यह परंपरा जारी रहनी चाहिए और उन्होंने तमिलनाडु सरकार को उस स्थान पर दीप जलाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से VHP खुश
सुप्रीम कोर्ट की अनुमति पर विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सालों बाद हिंदू उस पवित्र लौ को फिर से देख सकेंगे, जिसकी रोशनी कई मील दूर तक दिखाई देती है.उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि मदुरै के पास उस पहाड़ी पर, जहां एक मंदिर और हिंदू संस्थान स्थित है, एक स्तंभ भी है, जिस पर हर साल दीप जलाया जाता है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-बिना शर्त मांगें माफी... सावरकर के पोते ने किताब को लेकर सोनिया गांधी को भेजा कानूनी नोटिस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं