Surat Fake Baba Rape Case: सूरत में धर्म और आस्था की आड़ में एक युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिसके बाद सिंगंपोर पुलिस ने अमरोली निवासी नरेश चौहान नामक नकली बाबा को गिरफ्तार कर लिया है. नरेश चौहान पर आरोप है कि उसने धार्मिक चमत्कार के बहाने युवती को अपने झांसे में फंसाया और उसके साथ गलत काम किया.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से गुजरात के तलाजा तहसील के पावथी गांव की रहने वाली है. युवती और नरेश चौहान की पहली मुलाकात इसी गांव में हुई थी. मुलाकात के बाद इंस्टाग्राम के जरिए दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और फिर एक दूसरे का मोबाइल नंबर लिया. इसके बाद दोनों के बीच नियमित बातचीत होने लगी. इसी दौरान युवती को झांसे में लेकर उसके साथ बलात्कार को अंजाम दिया गया.
खुद को बताता था धार्मिक शक्तियों वाला बाबा
शिकायत के मुताबिक, नरेश चौहान खुद को धार्मिक शक्तियों वाला बाबा बताकर लोगों के बीच अपनी अहमियत बढ़ाता था. इन्हीं झांसों के सहारे उसने पीड़ित युवती का विश्वास जीत लिया. इसके बाद वह युवती को सूरत के सिंगंपोर में स्थित युग होटल में लेकर गया, जहां उसने उसे भगवान का प्रसाद बता कर कुछ खिलाया. युवती का आरोप है कि प्रसाद में कोई नशीला पदार्थ मिलाया था, जिसे खाने के बाद उसे होश नहीं रहा. इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
लगातार कर रहा था शोषण
पीड़िता का कहना है कि घटना वर्ष 2025 की है. बाद में आरोपी की ओर से लगातार विश्वास में लेकर उसका शोषण किया जाता रहा. जब युवती को अपने साथ हुए कथित धोखे और अपराध का एहसास हुआ, तो उसने सिंगंपोर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सूरत के अमरोली इलाके में किराए के मकान में रहता है, लेकिन सोशल मीडिया पर अपनी वैभवशाली जीवन की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर लोगों के बीच अपनी छवि बनाने की कोशिश करता था. पुलिस का मानना है कि इसी छवि और धार्मिक पहचान का उपयोग कर वह लोगों का विश्वास हासिल करता था.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में खाद की किल्लत पर भड़के किसान, सहकारी समिति के गोदाम से जबरन उठा ले गए 350 कट्टे यूरिया
युवती की शिकायत पर सिंगंपोर पुलिस ने आरोपी नरेश चौहान के खिलाफ दुष्कर्म के साथ अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. फिलहाल, पुलिस नरेश से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं इसी तरह की अन्य शिकायतें या पीड़िताएं भी तो सामने नहीं हैं.
यह भी पढ़ें- NEET से पहले फरिश्ता बनकर पहुंचे ADCP, परेशान छात्रा को अपनी गाड़ी से पहुंचाया सेंटर, जमकर हो रही है तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं