महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों 'ऑपरेशन टाइगर' चर्चाओं में है. कहा जा रहा है कि शिवसेना (यूबीटी) के 9 में से छह सांसद अब किसी भी वक्त एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं. एक तरफ जहां इससे एनडीए और मजबूत होती दिख रही है वहीं दूसरी तरफ पार्टी में बगावत ने उद्धव ठाकरे की परेशानी बढ़ा दी है. आज की स्थिति में उद्धव ठाकरे समेत सिर्फ तीन सांसद ही शिवसेना (यूबीटी) के पास बचे हैं. पार्टी के अंदर की बगावत को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि ये कोई पहला मौका नहीं है जब वो इस तरह का संकट का सामना कर रहे हैं. पहले भी पार्टी में इस तरह की स्थिति पैदा हो चुकी है. और इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है. उनके साथी सांसद संजय राउत ने कहा कि कई आए और कई गए लेकिन ठाकरे आज भी यहीं है.
आपको बता दें कि शिवसेना (यूबीटी) के सांसद ओमराजे निंबालकर के शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट के साथ जाने का एलान करने के साथ ही उद्धव ठाकरे के खिलाफ मानो ऑपरेशन टाइगर फिर से ऑन हो गया है. इस ताजा घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की भी प्रतिक्रिया आई है. शिंदे बोले कि हम कोई ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते जबकि फडणवीस ने कहा कि ऑपरेशन सफल रहा है. पेशेंट की रिपोर्ट आ जाएगी.
ओमराजे निंबालकर ने कार्यकर्ताओं से बातचीत में क्या कहा?
"हमने स्थानीय निकाय चुनाव लड़े लेकिन सफलता नहीं मिली. सामने वालों के पास सत्ता और आर्थिक ताकत है. जिनका विरोध करने के लिए हम राजनीति में आए, वे कांग्रेस सरकार के समय भी मजे में थे और अब बीजेपी सरकार में भी वहीं हैं. हम सीमित संसाधनों के साथ कब तक लड़ते रहेंगे? मुझे ईमानदारी से लगता है कि हमें भी अब सत्ता का मार्ग अपनाना चाहिए."
क्या मैं सिर्फ छवि बचाने के लिए सांसद बना हूं?
“20 साल बाद मामले में कोई आरोपी नहीं बचा, सभी निर्दोष छूट गए. कोर्ट भी मानता है कि राजनीतिक दुश्मनी थी और हत्या का उद्देश्य था, फिर भी सब निर्दोष! जब मैं खुद सांसद होकर अपने परिवार को न्याय नहीं दिला सकता, तो आम लोगों का क्या? लोग कहते हैं कि पूरे महाराष्ट्र में मेरी एक अच्छी छवि है, लेकिन क्या मैं सिर्फ छवि बचाने के लिए सांसद बना हू? मैं इन लोगों को सबक सिखाने के लिए आया हूं."
यह भी पढ़ें: एकनाथ शिंदे के 'ऑपरेशन टाइगर' पर ब्रेक? निंबालकर ने उद्धव ठाकरे से की बात, राउत बोले- दो बागी संपर्क में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं