तीन देशों में खेले जा रहे फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शुरुआती स्टेज में कई चौंकाने वाली बातें देखने को मिलीं. कुछ खिलाड़ियों के निजी प्रदर्शन के लिहाज से, तो कुछ टीमों के पहलुओं से. मसलब बुधावर को कांगो का सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल से 1-1 से ड्रॉ खेलना. और अगर ऐसा रहा, तो इसी वजह बने योआन विसा (Yoane Wissa). टूर्नामेंट में आगाज से 52 साल के इतिहास में विसा के जरिए कांगो ने अपना पहला गोल दागा. इन 52 सालों में कांगो ने क्या-क्या नहीं देखा होगा. आबादी कहां से कहां चली गई. साल 1972 में आगाज के बाद से 52 साल बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना. और फिर इतिहास का पहला गोल. कितना कुछ छिपा है एक अदद गोल के पीछे. वास्तव में गोल ही नहीं, बल्कि गोल करने वाले योआन विसा के पीछे भी बहुत कुछ छिपा है.
चेहरे पर महिला ने फेंका तेजाब
चार साल पहले, विसा अपनी आंखों की रोशनी खोने ही वाले थे. अगस्त 2021 में, लॉरिएंट से £8.5 मिलियन (लगभग 85 लाख पाउंड) में ब्रेंटफोर्ड क्लब में शामिल होने के कुछ ही दिन पहले, लेटिटिया पी (Laetitia P) नाम की एक महिला प्रशंसक बनकर ऑटोग्राफ मांगने उनके लॉरिएंट स्थित घर आई. उसने विसा के चेहरे पर तेजाब (एसिड) फेंक दिया. उस वक्त उनका परिवार भी वहां मौजूद था. बाद में यह भी रिपोर्ट आई कि उसने विसा की बेटी का अपहरण करने की भी कोशिश की थी. लेटिटिया पी को दोषी पाया गया और उसे 18 साल जेल की सजा सुनाई गई.

'यह एक दुःस्वप्न था'
द सन की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटनी के वैनेस में चले मुकदमे के दौरान विसा ने गवाही दी थी. उन्होंने कहा, 'मैंने दरवाजा खोला, और मेरे चेहरे पर कोई लिक्विड फेंका गया. मैं चिल्लाया और सांस नहीं ले पा रहा था. मेरी पत्नी ने इमरजेंसी सर्विसेज को फोन किया, और उन्होंने मुझसे आंखों को धोने के लिए तुरंत शॉवर के नीचे जाने को कहा. अस्पताल में डॉक्टरों ने मुझे बताया कि मेरी आंखें जल चुकी थीं. हर घंटे किसी न किसी को आकर मेरी आंखें साफ करनी पड़ती थीं. यह एक दुःस्वप्न जैसा रहा है. उसके बाद से मैं जब भी कोई आवाज सुनता हूं, तो घबरा जाता हूं, और केवल यह सोचकर खुद को संभाल पाया कि मेरे बच्चे सुरक्षित हैं. मेरी दोनों आंखों की सर्जरी हुई, और डॉक्टर ने मुझसे कहा कि मुझे जिंदगी भर आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करना होगा.' इस हमले के कारण ब्रेंटफोर्ड में उनका जाना छह महीने के लिए टल गया था.

'ब्रेंटफोर्ड में ट्रांसफर लेट हो गया'
विसा ने अदालत में कहा, 'अगर मेरा इतनी जल्दी इलाज नहीं हुआ होता, तो इसके परिणाम कहीं ज्यादा गंभीर हो सकते थे. उसके बाद के दिन मेरे लिए बहुत दर्दनाक थे. मैं जानता हूं कि मैं कभी भी पहले जैसा महसूस नहीं कर पाऊंगा. इसने ब्रेंटफोर्ड में मेरे ट्रांसफर को काफी लेट कर दिया. मैं उनके प्री-सीजन मैचों में शामिल नहीं हो सका. और जब मैं वहां पहुंचा तो मैनेजर थॉमस फ्रैंक ने कहा कि उन्होंने अपनी पहली टीम पहले ही तैयार कर ली है. उन्होंने मुझसे सहानुभूति जताई और मुझे परिस्थितियों में ढलने के लिए समय दिया.'
उन्होंने आगे कहा, 'इस हमले के बाद मैंने एक फुटबॉलर से ज्यादा एक पिता की तरह रिएक्ट किया. और खुद से कहा कि कम से कम मेरे बच्चे सुरक्षित हैं, भले ही मैं अंधा हो गया हूं. उस समय के बाद से मैं लोगों से कट गया हूं. अब मैं उन लोगों के आस-पास रहना बर्दाश्त नहीं कर पाता जिन्हें मैं नहीं जानता. मेरे बच्चे अक्सर मुझसे पूछते हैं कि मेरे चेहरे को क्या हुआ है, लेकिन वे अभी इतने छोटे हैं कि मैं उन्हें सच नहीं बता सकता. मुझे एक और सर्जरी का ऑफर मिला था, लेकिन मैंने मना कर दिया, क्योंकि यह अब मेरे व्यक्तिगत इतिहास का हिस्सा है.'
वापसी और सफलता का सफर
लॉरिएंट में उस समय उनके मैनेजर रहे क्रिस्टोफ़ पेलिसियर उनसे मिलने अस्पताल गए थे. पेलिसियर ने बताया, 'भले ही वह शारीरिक और मानसिक रूप से प्रभावित थे, लेकिन योआन ने बहुत जल्दी सफल होने का अपना दृढ़ संकल्प दिखाया. उनकी जो बात मुझे सबसे ज्यादा पसंद आई, वह थी उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और कभी हार न मानने का जज्बा.'
चार सीजन में 49 गोल
विसा हमले के एक महीने बाद, सितंबर 2021 में ब्रेंटफोर्ड में शामिल हुए. उन्होंने चार सीजन में क्लब के लिए 149 मैच खेले और 49 गोल किए. इसके बाद वह लगभग £55 मिलियन (5.5 करोड़ पाउंड) के सौदे में न्यूकैसल यूनाइटेड में चले गए. न्यूकैसल में वह घुटने की पुरानी चोट से जूझते रहे हैं, जहां उन्होंने प्रीमियर लीग में 13 मैच खेले और एक गोल किया. यह गोल उन्होंने फुलहम के खिलाफ अपने पहले स्टार्ट मैच में किया था, जहां उन्होंने नंबर नौ (9) की शर्ट पहनी थी. वही शर्ट जिसे कभी दिग्गज एलन शियरर पहना करते थे।
उस मैच के बाद शियरर ने उन्हें एक संदेश भेजा था. विसा ने बीबीसी रेडियो को बताया, 'मैच से पहले मुझे उनका एक टेक्स्ट मैसेज मिला था, उन्होंने मुझे शुभकामनाएं दीं क्योंकि उन्हें पता था कि मैं शुरुआती एकादश में शामिल होने जा रहा हूं. यह कुछ खास है. मैं जानता हूं कि नंबर नौ की शर्ट यहां की सबसे बेस्ट शर्ट है. इसलिए मुझे बस इसका आनंद लेने की जरूरत है.' और फिर बुधवार को ह्यूस्टन में, कांगो के लिए वही नंबर नौ की शर्ट पहनकर, उन्होंने स्टॉपेज-टाइम में शानदार हेडर के जरिए गोल दागकर इतिहास रच दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं