FIFA World Cup 2026: फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में अबतक एशियाई देशों को हल्का आंका जा रहा था. मगर एशियाई पावरहाउस जापान ने लगातार दो मैचों में हॉलैंड और ट्यूनिशिया जैसी टीमों के ख़िलाफ़ धमाकेदार प्रदर्शन कर साफ़ कर दिया है कि इसबार वो अलग इरादे से वर्ल्ड कप खेलने आई है. दूसरी तरफ़ केप वेर्दे और कुरासाओ जैसी बेहद छोटी आबादी वाले देशों के गोलकीपर वोज़िन्हा और एलॉय रूम तो कुछ अलग ही खाकर मैदन पर उतर रहे हैं. इन दीवार-गोलकीपर्स ने दुनिया भर के अटैकर्स और कोच की नाक में दम कर रखा है.
इस ‘रूम' की नहीं टूटती दीवार
दुनिया के सबसे छोटे देशों में से एक कुरासाओ की आबादी बेशक सिर्फ़ डेढ़ लाख है...मगर इसकी 5 फ़ीसदी आबादी आज अपनी टीम की हौसलाअफ़ज़ी के लिए अमेरिका के कन्सास सिटी के स्टेडियम में थी.
इक्वाडोर की अनुभवी और वर्ल्ड नंबर 30 टीम ने एक के बाद एक लगातार हमले जारी रखे. लेकिन कुरासाओ की गोलपोस्ट पर 6 फ़ीट 3 इंच लंबे एलॉय रूम टीम के लिए दीवार बनकर खड़े रहे. एलॉय रूम का ने एलान कर रखा था उनके ‘गोलपोस्ट में कोई कमरा, कोई रूम खाली नहीं है!' दीवार-गोलकीपर रूम ने मैच में 15 Saves कर अमेरिका के टिम हॉवर्ड के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली और कुरासाओ ने वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक 1 अंक भी अपने नाम कर लिया.
एशियाई देश की सबसे बड़ी जीत, जापान 4-0 ट्यूनिशिया
जापान ने इसी वर्ल्ड कप के पिछले मैच में 3 बार फ़ाइनल खेल चुकी नीदरलैंड्स को 2-2 की बराबरी पर रोक कर अपना इरादा साफ़ कर दिया था. वर्ल्ड रैंकिंग में 16वें नंबर की एशियाई टीम जापान ने शुरुआत से ही ट्यूनिशिया पर दबाव बनाये रखा. जापान की ओर से आयासे उएदा ने 2 गोल किए. जबकि, मैच में सेंध लगानेवाले कमादा और इतो ने एक-एक गोल किया. इत्तिफ़ाकन जापान ने वर्ल्ड कप के 1000वें मैच में 4-0 से जीत दर्ज कर अपना नाम इतिहास में दर्ज करवा लिया.
5-1 से जीते पर नॉकआउट से अभी दूर
टोटल फ़ुटबॉल के लिए मशहूर नीदरलैंड्स ने स्वीडन को ग्रुप-F के अहम मैच में 5-1 के बड़े अंतर से हरा दिया. मगर इसके बावजूद राउंड ऑफ़ 32 में उसका पहुंचना पक्का नहीं हुआ. क्योंकि, जापान ने पहले मैच में उन्हें 2-2 की बराबरी पर रोक दिया था.
फिर भी, ग्रुप-F में हॉलैंड 4 अंक लेकर टॉप पर है और नॉकआउट राउंड के बेहद क़रीब है. हॉलैंड के लिए ब्रॉबे और गैकपो ने 2-2 गोल किए. समरविल के नाम एक गोल रहा. ट्यूनिशिया के लिए एलान्गा ने इकलौता गोल किया.
जर्मनी के सब्सटीट्यूट उन्दाव बने हीरो
चार बार की चैंपियन जर्मनी के ख़िलाफ़ पहला गोल आईवरी कोस्ट के कप्तान फ़्रैंक केस्सीए (Franck Kessie) ने किया. लेकिन जर्मनी के डेनिज़ उन्दाव Deniz Undav उनके हीरो खिलाड़ी बन गए. उन्दाव ने 68वें मिनट में आइवरी कोस्ट के ख़िलाफ़ गोल दागकर मैच को बराबरी पर लाया. फिर 90 मिनट के बाद स्टॉपेज टाइम के चौथे मिनट में गोलकर अपनी टीम को राउंड ऑफ़ 32 में सुरक्षित पहुंचा दिया.
ये भी पढ़ें- डेढ़ लाख की आबादी वाले कुरसाओ के गोलकीपर रूम ने मचा दिया तहलका, 15 सेव कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं