FIFA World Cup 2026 Third-Place Match: फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने माना कि उनकी टीम मियामी में इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप 2026 का तीसरे स्थान के लिए प्लेऑफ मैच नहीं खेलना चाहती, लेकिन उन्होंने कहा कि ब्रॉन्ज मेडल जीतना उनकी जिम्मेदारी है.2026 के सेमीफाइनल में स्पेन से 2-0 की हार के साथ ही फ्रांस की लगातार तीसरी बार FIFA वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं. तीसरे स्थान के मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, डेसचैम्प्स ने कहा कि "न तो फ्रांस और न ही इंग्लैंड यह मैच खेलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने कहा कि यह कोई फ्रेंडली मैच नहीं है और उनकी टीम का फर्ज है कि वे मुकाबला करें और ब्रॉन्ज मेडल जीतें.
रॉयटर्स के अनुसार, डेसचैम्प्स ने कहा, "इस मैच के लिए मेरी एक जिम्मेदारी है, यह कोई दोस्ताना मैच नहीं है, बल्कि तीसरे स्थान के लिए होने वाला प्ले-ऑफ मैच है. खिलाड़ियों, स्टाफ और मेरी यह जिम्मेदारी है कि हम इस आखिरी लक्ष्य को हासिल करें. यह फ़ाइनल से कम महत्वपूर्ण है. इंग्लैंड यह मैच नहीं खेलना चाहता और न ही हम खेलना चाहते हैं.लेकिन हम यहां हैं."
डिडियर डेसचैम्प्स ने कहा कि "फ्रांस का ध्यान तीसरा स्थान हासिल करने पर है, राष्ट्रीय जर्सी पहनने के साथ ही उस लक्ष्य को पाने की जिम्मेदारी भी आती है". उन्होंने यह भी माना कि यह मैच कोच के तौर पर उनका आखिरी मैच होगा. साथ ही उन्होंने कहा कि भले ही यह सफर खत्म होने वाला है, लेकिन ज़िंदगी चलती रहती है.
दूसरी ओर फ्रांस के खिलाफ होने वाले तीसरे स्थान के मुकाबले को लेकर इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल ने कहा कि "यह मैच आसान नहीं होगा."उन्होंने कहा, "इस मैच में कोई भी खिलाड़ी नहीं खेलना चाहता है, लेकिन यह इंग्लैंड के लिए पिछले 60 वर्षों में सबसे अच्छा नतीजा हासिल करने का मौका है. हमें अभी काफी फासला तय करना है. फ्रांस, स्पेन और अर्जेंटीना से जीत की उम्मीद की जाती है.हम अभी भी सपने देख रहे हैं और प्रयास कर रहे हैं. हालांकि, हम अपनी कोशिशें नहीं छोड़ेंगे."
ये भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026 Final: मेसी के पास इतिहास रचने का मौका, दांव पर होंगे 10 बड़े रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं