अपना रिकॉर्ड छठा विश्व कप खेल रहे अर्जेंटीना के महानतन खिलाड़ियों की सूची में शुमार लियोनेल मेस्सी सोमवार को जब ऑस्ट्रिया के खिलाफ एक्शन में होंगे, तो उनकी नजरें अपनी विरासत में एक और पन्ना जोड़ने की होगी. डलास स्टेडियम में ग्रुप जे का एक अहम मैच होना है और इस मैच में जीतने के बाद अर्जेंटीना अगले राउंड के लिए क्वालीफाई कर जाएगी. अर्जेंटीना के कप्तान ने इससे पहले अल्जीरिया के खिलाफ टीम को 3-0 की रिकॉर्ड जीत दिलाई थी. इस मैच ने मेस्सी ने फुटबॉल के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक के तौर पर खुद को स्थापित कर दिया था. मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां सीनियर मैच खेलते हुए अपने करियर की पहली वर्ल्ड कप हैट्रिक बनाई.
38 वर्षीय दिग्गज अब लगातार पांच विश्व कप मैचों में स्कोर करने में सफल हुए हैं. ऑस्ट्रिया के खिलाफ अगर वह गोल करने में सफल होते हैं तो लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने के वर्ल्ड रिकॉर्ड के मामले में फ्रांस के जस्ट फॉन्टेन और ब्राजील के जेरज़िन्हो की बराबरी कर लेंगे.
ऑस्ट्रिया के खिलाफ एक गोल मेस्सी को टूर्नामेंट के सर्वकालिक गोल करने वाले खिलाड़ियों के चार्ट में भी टॉप पर पहुंचा देगा. वह वर्तमान में 16 विश्व कप गोल के साथ, जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोस के बराबर हैं.
अगर मेस्सी पेनल्टी एरिया के बाहर से गोल करने में सफल रहे तो विश्व कप के इतिहास में सबले अधिक लॉन्ग रेंज गोल करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे. वह पहले ही बॉक्स के बाहर से पांच गोल कर चुके हैं.
अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाने के बाद मेस्सी, वर्ल्ड कप के इतिहास में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज फुटबॉलर बने थे. मेस्सी ने 38 साल और 357 दिन की उम्र में गोल किया था. इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम था.
अर्जेंटीना के कप्तान के नाम पहले से ही सबसे अधिक विश्व कप मैच खेलने (27), सबसे अधिक मिनट मैदान पर बिताने (2,394), सबसे अधिक मैन ऑफ द मैच पुरस्कार पाने (12) और सबसे अधिक ड्रिबल (125) का रिकॉर्ड है. मेस्सी के नाम फुटबॉल इतिहास में लगातार छह विश्व कप में भाग लेने वाले पहले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी है.
यह भी पढ़ें: मुंबई-राजस्थान के बीच मेगा ट्रेड डील? हार्दिक पांड्या के बदले इस ओपनर पर नजर- रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव की मुंबई से होगी विदाई? कप्तानी का ऑफर लेकर खड़ी दो फ्रेंचाइजी- रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं