विज्ञापन

ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया ने ख़त्म कर दिया ईरान का वर्ल्ड कप में सफ़र, मेस्सी ने वर्ल्ड कप में किया 19वां गोल

ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया के बीच मैच में रोमांच की सारीं हदें पार हुईं और आखिरी पलों में गोल के जरिए यह मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ. तो दूसरी तरफ ईरान का सफर भी खत्म हुआ.

ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया ने ख़त्म कर दिया ईरान का वर्ल्ड कप में सफ़र, मेस्सी ने वर्ल्ड कप में किया 19वां गोल
FIFA World Cup 2026: Austria Algeria ended Iran's journey

फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में आख़िरकार ऑस्ट्रिया- अल्जीरिया के रोमांचक ड्रॉ मैच ने ईरान का वर्ल्ड कप में सफ़र ख़त्म कर दिया. युद्ध के बावजूद ईरान की टीम मौजूदा वर्ल्ड कप में हिस्सा लेकर सुर्ख़ियां बटोरती रही. ईरान की टीम के वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने से लेकर उनके मेक्सिको में प्रैक्टिस करने, अमेरिका पहुंचने और उनकी टीम के वीज़ा हासिल करने जैसे मसले- इन सब पर दुनिया भर की पैनी नज़र रही. ईरान के मैच को खेल से ज़्यादा राजनीति की नज़रों से तौला गया. लेकिन आख़िरकार खेल की ही जीत हुई. ईरान की टीम अमेरिका से बिना हार के 3 अंक लेकर अपने वतन लौटेगी.

मैदान पर नहीं हारा ईरान 

ईरान का इस वर्ल्ड कप में पहुंचना ही उसकी बड़ी जीत साबित हुई. ग्रुप-G की टीम ईरान ने अमेरिका के इंगलवुड में दो और सिएटल में एक मैच खेला. युद्ध से जूझती हुई दुनिया में 20वें नंबर की ईरान की टीम ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 2-2, बेल्जियम के ख़िलाफ़ 0-0 और इजिप्ट के ख़िलाफ़ 1-1 की बराबरी के मैच खेले. तीनों ही मैचों को ड्रॉ रखकर ईरान ने तीन अंक हासिल किये.

ईरान की किस्मत का फ़ैसला अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया के मुक़ाबले पर टिक गया. ग्रुप- J में अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया का मुकक़ाबला 3-3 से बराबर रहा. इस रोमांचक ड्रॉ की वजह से ईरान का वर्ल्ड कप में सफ़र ख़त्म हो गया. इस मैच के दूसरे हाफ़ चार गोल हुए और ग्रुप-J से ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया दोनों ने राउंड ऑफ़ 32 में जगह बना ली. 

हैरी केन ने इंग्लैंड के लिए रचा इतिहास

इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन और स्टार खिलाड़ी जूड बेलिंघम ने दूसरे हाफ़ में दो गोल कर इंग्लैंड को ग्रुप टॉपर बनाकर राउंड ऑफ़ 32 में पहुंचा दिया. राउंड ऑफ़ 32 में इंग्लैंड की टक्कर 1 जुलाई को कॉन्गो से अटलांटा में होगी.

इंग्लैंड के लिए पहला गोल बेलिंघम ने 62वें मिनट में किया. फिर 5 मिनट बाद ही हैरी केन ने वर्ल्ड कप का अपना 11वां गोल कर गैरी लिनेकर के 10 गोल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. हैरी केन वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए सबसे ज़्यादा 11 गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए.

GOAT लड़ाई में पिछड़े रोनाल्डो

फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में रोनाल्डो सभी 6 वर्ल्ड कप में गोल करनेवाले इकलौते खिलाड़ी ज़रूर हैं. मौजूदा वर्ल्ड कप में अर्जेन्टीनी कप्तान लियोनेल मेसी एक हैट्रिक समेत 6 गोल कर सबसे आगे चल रहे हैं. जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम इस वर्ल्ड कप में अबतक तीन मैचों में 2 गोल हैं जो उन्होंने उज़्बेकिस्तान के ख़िलाफ़ किए. 

ग्रुप-K में पुर्तगाल और कोलंबिया का मैच 0-0 की बराबरी पर ख़त्म हुआ और रोनाल्डो का जादू नहीं दिखा. ग्रुप-K से पुर्तगाल ने दूसरी टीम बनकर क्वालिफ़ाई किया जबकि कोलंबिया की टीम ग्रुप टॉपर बनकर राउंड ऑफ़ 32 में पहुंची. 

राउंड ऑफ़ 32 में क्रोएशिया की टक्कर पुर्तगाल से 

ग्रुप-L के एक अहम मैच में क्रोएशिया ने घाना को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ़ 32 में जगह बना ली. क्रोएशिया ने घाना के ख़िलाफ़ 31वें मिनट में पहला गोल किया. फिर घाना ने 73वें मिनट में गोल कर बराबरी कर ली. 83वें मिनट में व्लासिच ने एक और गोल कर क्रोएशिया को 2-1 से जीत दिलाई और 6 अंक लेकर क्रोएशिया राउंड ऑफ़ 32 में पहंच गया. राउंड ऑफ़ 32 में 2 जुलाई को टोरंटो में पुर्तगाल की टक्कर क्रोएशिया से होगी. 

कॉन्गो ने वर्ल्ड कप में रचा इतिहास

ग्रुप-K से कोलंबिया और पुर्तगाल के अलावा कॉन्गो ने राउंड ऑफ़ 32 में जगह बनाई है. कॉन्गो ने वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार राउंड ऑफ़ 32 में जगह बनाकर इतिहास कायम किया है. ग्रुप-K के अहम मैच में कॉन्गो ने उज़्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर 4 अंकों के साथ राउंड ऑफ़ 32 में जगह बना ली. राउंड ऑफ़ 32 में कॉन्गो की टक्कर अटलांटा में 1 जुलाई को इंग्लैंड से होगी.

गोल मशीन लियोनेल मेसी ने किया एक और गोल

अर्जेन्टीनी कप्तान लियोनेल मेसी ने जॉर्डन के ख़िलाफ़ बेंच से शुरुआत की. लेकिन मैदान पर आए तो फिर से अपना जलवा बिखेरा. गोल्डन बूट की रेस में वो फिर से सबसे आगे हो गए हैं. जॉर्डन के ख़िलाफ़ मेसी ने 80 मिनट में गोल किया जो वर्ल्ड कप 2026 का उनका छठा गोल है. वर्ल्ड कप में उनके नाम अब कुल 19 गोल हो गए हैं जो अपने-आप में एक अनोखा रिकॉर्ड है.

यह भी पढ़ें: IND W vs AUS W: सेमीफाइनल के टिकट के लिए ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी टीम इंडिया, इन 11 पर होगा जिम्मा, जानें तमाम बातें

यह भी पढ़ें: रोनाल्डो गोल से चूके, कोलंबिया ने पुर्तगाल को ड्रॉ पर रोका, नॉकआउट से होगा इस टीम से सामना

यह भी पढ़ें:

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2026 FIFA World Cup, Austria, Algeria, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com