फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंची स्पेन के रौड्री ने कन्फर्म किया कि उनकी टीम को 2026 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में अर्जेंटीना की नेशनल टीम के ख़िलाफ़ मिलने वाली चुनौती की गंभीरता का पता है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि "ला रोजा" टूर्नामेंट में अपने पिछले सभी मैचों से अलग तरह का मैच खेलने के लिए तैयार है. स्पेन फीफा विश्व कप में दूसरी बार ही फाइनल तक पहुंची है और कप्तान रौड्री का मानना है कि इस सफर में बरसों की मेहनत लगी.
फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोड्री ने कहा कि यह मैच शारीरिक रूप से ज़्यादा मुश्किल होगा. उन्होंने आगे कहा,"हम एक बिल्कुल अलग मैच की उम्मीद कर रहे हैं, और यह शारीरिक रूप से ज़्यादा कठिन होगा, लेकिन हमारे पास मैच के अलग-अलग पहलुओं - चाहे वह बॉल पर कब्ज़ा (पज़ेशन) हो, डिफेंस हो या काउंटर-अटैक - के हिसाब से खुद को ढालने की क्षमता है."
रोड्री ने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान एक से ज़्यादा मैचों में अर्जेंटीना की वापसी करने की क्षमता उनके मज़बूत चरित्र और मानसिक मज़बूती को दिखाती है. उन्होंने ज़ोर दिया कि स्पेनिश टीम ने इस मुकाबले के लिए अच्छी तैयारी की है. साथ ही उन्होंने लियोनेल मेस्सी की जमकर तारीफ भी की है उन्हें फ़ुटबॉल इतिहास का सबसे बेहतरीन खिलाड़ी बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अर्जेंटीना की ताकत सिर्फ़ उनके कप्तान तक सीमित नहीं है.
उन्होंने कहा,"मेरे लिए, मेसी अब तक के सबसे महान खिलाड़ी हैं, लेकिन अर्जेंटीना का मतलब सिर्फ़ मेसी नहीं है. इसमें बेहतरीन क्वालिटी और अनुभव वाले खिलाड़ियों का एक ग्रुप शामिल है, और इसलिए पूरी टीम का सामना करना होगा."
मैनचेस्टर सिटी के खिलाड़ी ने मैदान पर अर्जेंटीना के खिलाड़ियों द्वारा उकसाने की संभावना पर बात की और ज़ोर दिया कि स्पेनिश नेशनल टीम ऐसी बातों से अपना ध्यान नहीं भटकने देगी. उन्होंने कहा,"अगर कोई उकसाने वाली हरकत होती है, तो हमें उसे पूरी तरह नज़रअंदाज़ करना होगा और अपने खेलने के तरीके पर ध्यान देना होगा, क्योंकि उन चीज़ों में उलझने से हमें कोई फ़ायदा नहीं होगा."
नेशंस लीग 2023 और यूरोपीय चैम्पियनशिप 2024 जीतने वाली स्पेन टीम ने पिछले कुछ बरसों में यूरोप में अपनी बादशाहत साबित की है. अब उसके सामने अर्जेंटीना के रूप में रविवार को होने वाले फाइनल में सबसे कठिन चुनौती है लेकिन कप्तान रौड्री चाहते हैं कि उनकी टीम हारने के डर की बजाय जीत की चाह के साथ उतरे.
उन्होंने कहा,"हम धीरे धीरे आगे बढ रहे हैं. हम अपने अंदाज में खेलते रहेंगे क्योंकि पिछले पांच साल से इसी प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं." उन्होंने कहा,"फ्रांस के खिलाफ मैच एक टीम के रूप में हमारे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में से एक था. लेकिन अर्जेंटीना के खिलाफ और बेहतर करना होगा क्योंकि वे चैम्पियन हैं. मुझे यकीन है कि हम ऐसा कर सकेंगे."
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup Final: लामिन यामल को कैसे रोकेंगे? अर्जेंटीना के कोच ने दिया मज़ेदार जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं