फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में अर्जेंटीना के सामने ना सिर्फ मिडफील्ड में स्पेन का हराने का रास्ता खोजना होगा बल्कि उन्हें स्पेन के स्टार खिलाड़ी लामिन यमाल को भी रोकाना होगा. इस मुकाबले से पहले जब अर्जेंटीन के हेड कोच मीडिया के सामने आए तो उनसे भी यमाल को लेकर सवाल हुआ, जिसका जवाब देते हुए लियोनेल स्कालोनी ने एक मजेदार जवाब दिया. बता दें, एक ओर लियोनेल मेस्सी का करिश्मा है तो दूसरी तरफ टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल गंवाने वाली स्पेन का अभेद डिफेंस. विश्व फुटबॉल की बादशाहत के लिये मौजूदा चैम्पियन अर्जेंटीना का सामना रविवार को स्पेन से होगा तो 'अटैक और डिफेंस' की रोचक जंग देखने को मिलेगी.
लियोनेल स्कालोनी से जब स्पेन के स्टार यमाल को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने उनकी जमकर तारीफ करते हुए मज़ाक में कहा कि इस टैलेंटेड स्टार को रोकने का सबसे अच्छा तरीका है कि उसे उसके कमरे में बंद कर दिया जाए.
लियोनेल स्कालोनी ने कहा,"यमाल को कैसे रोकें? काश हम लामिन को उसके कमरे में बंद कर पाते. लामिन यमाल सच में एक असाधारण खिलाड़ी है. यह बच्चा फुटबॉल के लिए एक खज़ाना है, और वह अभी बहुत छोटा है, उसमें अभी बहुत कुछ करने की क्षमता है. वह ऐसा टैलेंट है जो भविष्य में स्पेन को बहुत खुशियां देगा. लेकिन हमें उम्मीद है कि ऐसा रविवार को नहीं होगा. लियो की तरह, वह भी उन खिलाड़ियों में से एक है जिन्हें रोकना (मार्क करना) बहुत मुश्किल है."
स्कालोनी ने स्पेन के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले के लिए अर्जेंटीना की तैयारियों की भी थोड़ी झलक दिखाई. उन्होंने कहा,"हमने स्पेन का एनालिसिस किया क्योंकि हमें मार्च में उनका सामना करना था, लेकिन दिसंबर से ही हम वर्ल्ड कप में हर संभावित विरोधी टीम पर नज़र रखे हुए थे. आखिर में, हमने किसी दूसरी नेशनल टीम के मुकाबले स्पेन का ज़्यादा एनालिसिस नहीं किया. जब आप वर्ल्ड कप के सफर को देखते हैं, तो हमने उन सभी टीमों का एनालिसिस किया जो इस स्टेज तक पहुंच सकती थीं, और ऐसी कई विरोधी टीमें थीं जिनका हमने एनालिसिस किया."
रविवार को होने वाले वर्ल्ड कप फाइनल से पहले स्कालोनी ने लियोनेल मेसी की तारीफ़ की और फ़ैन्स से कहा कि वे अर्जेंटीना के कप्तान के फ़ुटबॉल के सबसे बड़े स्टेज पर शायद आखिरी बार खेलने के पल का आनंद लें. शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक स्कालोनी ने कहा,"वह अपने आप में इतिहास हैं. वह एक लेजेंड हैं." "39 साल की उम्र में फाइनल तक पहुंचना अविश्वसनीय बात है. इसीलिए मैं कहता हूँ कि हमें उनके खेल का आनंद लेना चाहिए."
स्कालोनी ने कहा कि मेसी की उपलब्धि डिएगो माराडोना की गैर-मौजूदगी में और भी खास हो जाती है, जिन्होंने 1986 में अर्जेंटीना को खिताब जिताया था. खेल के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक माने जाने वाले माराडोना का 2020 में 60 साल की उम्र में निधन हो गया था. अर्जेंटीना न्यू जर्सी में खिताबी मुकाबले में स्पेन का सामना करेगा और 1962 में ब्राज़ील के बाद लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनने की कोशिश करेगा.
यह भी पढ़ें: स्पेन या अर्जेंटीना कौन जीते विश्व कप? फाइनल से पहले बाइचुंग भूटिया की भविष्यवाणी
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: 96 साल में पहली बार खिलाड़ियों को मिलेगी चैंपियनशिप रिंग, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं