बारिश का मौसम है ऐसे में सेहत के प्रति जरा सी लापरवाही आपको बीमार कर सकती है. इस मौसम में सर्दी-जुकाम, गले में खराश, वायरल इन्फेक्शन और पेट से जुड़ी परेशानियां आम हो जाती हैं. ऐसे में अगर आप अपनी सेहत का खास ख्याल रखना चाहते हैं, तो डॉक्टर दीप्ति खटूजा के बताए गए एक बेहद आसान और घरेलू नुस्खे को अपना सकते हैं. हम बात कर रहे हैं रात को सोने से पहले कच्ची हल्दी वाला दूध पीने की.
आइए जानते हैं कि बारिश के दिनों में यह दूध हमारे लिए इतना फायदेमंद क्यों है और इसे बनाने का सही तरीका क्या है.
कैसे बनाएं कच्ची हल्दी वाला दूध- (How To Make Raw Turmeric Milk)
इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है.
सामग्री-
- एक गिलास दूध
- एक छोटा टुकड़ा कच्ची हल्दी
- चुटकीभर काली मिर्च पाउडर
- थोड़ा सा गुड़ या शहद
विधि-
- सबसे पहले कच्ची हल्दी को अच्छे से धोकर छील लें और इसे बारीक कद्दूकस कर लें या कूट लें.
- अब एक बर्तन में एक गिलास दूध उबलने के लिए रखें.
- जब दूध में हल्का उबाल आने लगे, तो उसमें कद्दूकस की हुई कच्ची हल्दी और काली मिर्च पाउडर मिला दें.
- अब धीमी आंच पर दूध को 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह उबलने दें, ताकि हल्दी के सारे पोषक तत्व दूध में मिल जाएं.
- इसके बाद गैस बंद कर दें और दूध को थोड़ा ठंडा होने दें.
- अब इसे छानकर इसमें अपनी पसंद के अनुसार थोड़ा सा गुड़ या शहद मिला लें.
- बस, आपका सेहत से भरपूर गरमा-गरम कच्ची हल्दी वाला दूध तैयार है. रात को सोने से ठीक आधा घंटा पहले इसका सेवन करें और मानसून के मौसम में हेल्दी और एनर्जेटिक रहें.

कैसे बनाएं हल्दी वाला दूध.Photo Credit: iStock
हल्दी वाला दूध पीने के फायदे-(Haldi Wala Doodh Pine Ke Fayde)
- बरसात के दिनों में हमारा इम्यून सिस्टम थोड़ा कमजोर हो जाता है, जिससे हम जल्दी बीमार पड़ने लगते हैं. कच्ची हल्दी में नेचुरल एंटीबायोटिक और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं.
- अगर आप रोज रात को सोने से पहले एक गिलास कच्ची हल्दी वाला दूध पीते हैं, तो यह आपको बारिश के मौसम में होने वाले वायरल बुखार और सर्दी-जुकाम से बचाने में मदद करता है.
- मौसम बदलने की वजह से गले में खराश, दर्द या खांसी की समस्या बहुत आम हो जाती है. कच्ची हल्दी में मौजूद करक्यूमिन नाम का तत्व सूजन और इंफेक्शन से लड़ने में असरदार होता है. रात के समय इस दूध को पीने से गले को तुरंत राहत मिलती है और सीने में जमा कफ भी आसानी से बाहर निकल जाता है.
- बरसात के दिनों में अक्सर लोगों को जोड़ों में दर्द और अकड़न की शिकायत बढ़ जाती है. खासकर जिन लोगों को गठिया या जोड़ों का दर्द रहता है, उनके लिए यह मौसम काफी परेशानी भरा होता है. हल्दी में दर्द निवारक गुण होते हैं, जो शरीर की सूजन और दर्द को कम करने में मदद कर सकते हैं.
- कच्ची हल्दी वाला दूध पीने से पाचन क्रिया बेहतर होती है. यह पेट की गैस, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है और पेट को साफ रखता है.
(यह लेख हेड क्लिनिकल न्यूट्रिशन, FMRI गुड़गांव की डॉक्टर दीप्ति खटूजा से बातचीत पर आधारित है.)
ये भी पढ़ें- कौन से विटामिन की कमी से गैस बनती है? डॉक्टर नितिन बंसल से जानें कैसे करें इलाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं