9 Ways To Include Moringa Leaves To Your Diet: गर्मियों में लोग ऐसी चीजें खाना पसंद करते हैं जो शरीर को हल्का रखें और जरूरी पोषण भी दें. ऐसे मौसम में सहजन यानी मोरिंगा की पत्तियां सेहत के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं. द योगा इंस्टिट्यूट की डॉ. हंसा योगेंद्र बताती हैं की मोरिंगा के पत्तों का सेवन करने से शरीर की इम्युनिटी बढ़ती है क्योंकि इसमें विटामिन C अधिक मात्रा में पाया जाता है. डॉ. हंसा बताती हैं की मोरिंगा की पत्तियों में आयरन, एंटीऑक्सिडेंट्स और विटामिन A भी प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. डॉ. हंसा के अनुसार ये पत्ते डायबिटीज के मरीजों के लिए भी काफी फायदेमंद होते हैं.
ज्यादातर लोग मोरिंगा को सिर्फ सब्जी या पाउडर के रूप में जानते हैं. लेकिन इसकी पत्तियों का इस्तेमाल कई स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपीज में किया जा सकता है. अगर आप भी इस गर्मी अपनी डाइट में कुछ नया और पौष्टिक जोड़ना चाहते हैं, तो मोरिंगा की पत्तियों से बनने वाली ये 9 चीजें जरूर ट्राई कर सकते हैं.
1. मोरिंगा पराठा
गेहूं के आटे में बारीक कटी मोरिंगा पत्तियां मिलाकर पराठा तैयार किया जा सकता है. यह नाश्ते के लिए एक हेल्दी विकल्प बन सकता है.
2. मोरिंगा रायता
दही में हल्की उबली या बारीक कटी मोरिंगा पत्तियां मिलाकर स्वादिष्ट रायता बनाया जा सकता है. गर्मियों में यह शरीर को ठंडक देने में मदद कर सकता है.
3. मोरिंगा चाय
अगर आप हर्बल टी पसंद करते हैं, तो मोरिंगा की पत्तियों से बनी चाय एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसमें शहद और नींबू मिलाकर स्वाद बढ़ाया जा सकता है.
4. मोरिंगा दाल
मूंग या अरहर की दाल में मोरिंगा की पत्तियां डालने से उसका पोषण बढ़ जाता है. यह स्वाद और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद मानी जाती है.
5. मोरिंगा चटनी
नारियल, हरी मिर्च और लहसुन के साथ मोरिंगा की पत्तियों की चटनी तैयार की जा सकती है. यह खाने का स्वाद बढ़ाने का आसान तरीका है.
6. मोरिंगा सूप
हल्के मसालों और सब्जियों के साथ मोरिंगा सूप तैयार किया जा सकता है. यह शाम के समय पीने के लिए अच्छा विकल्प है.
7. मोरिंगा स्मूदी
फलों की स्मूदी में थोड़ी मात्रा में मोरिंगा पत्तियां या मोरिंगा पाउडर मिलाकर पोषण बढ़ाया जा सकता है.
8. मोरिंगा ऑमलेट
अंडे के मिश्रण में मोरिंगा की पत्तियां मिलाकर प्रोटीन और पोषण से भरपूर ऑमलेट बनाया जा सकता है.
9. मोरिंगा खिचड़ी
खिचड़ी में मोरिंगा की पत्तियां डालकर इसे और अधिक पौष्टिक बनाया जा सकता है. यह हल्का और पेट भरने वाला भोजन है.
क्यों खास है मोरिंगा?
मोरिंगा की पत्तियां पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत मानी जाती हैं. इन्हें संतुलित मात्रा में डाइट में शामिल करने से शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स मिल सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं