विज्ञापन

Masala Tea: दुनिया की सबसे पसंदीदा चाय बनी भारतीय मसाला चाय, चीन-जापान की चाय को दी मात

World Best Tea: आपकी सुबह की शुरुआत जिस चाय से होती है, अब उसी चाय ने दुनिया भर में भारत का नाम रोशन किया है. मसालों की खुशबू और शानदार स्वाद से भरपूर भारतीय मसाला चाय को दुनिया की सबसे बेहतरीन चाय का दर्जा मिला है. यह खबर हर 'टी लवर' को खुश कर सकती है.

Masala Tea: दुनिया की सबसे पसंदीदा चाय बनी भारतीय मसाला चाय, चीन-जापान की चाय को दी मात
Masala Tea
Unsplash

World Best Tea: भारत में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है. सुबह की शुरुआत हो, ऑफिस में काम के बीच छोटा सा ब्रेक हो या दोस्तों के साथ बातचीत, एक कप गर्म चाय हर मौके को खास बना देती है. यही वजह है कि चाय को भारत की संस्कृति से भी जोड़कर देखा जाता है. अब भारतीय चाय प्रेमियों के लिए एक और खुशखबरी सामने आई है. दुनियाभर के खाने-पीने की चीजों की रैंकिंग करने वाले प्लेटफॉर्म  टेस्टएटलस (TasteAtlas) ने अपनी ताजा सूची में भारतीय मसाला चाय को दुनिया की सबसे बेहतरीन चाय का दर्जा दिया है. इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय स्वाद और परंपराएं वैश्विक स्तर पर भी लोगों का दिल जीत रही हैं.

आखिर क्या है मसाला चाय की खासियत?

मसाला चाय साधारण चाय से थोड़ी अलग होती है. इसमें चायपत्ती, दूध और चीनी के साथ अदरक, इलायची, दालचीनी, लौंग और काली मिर्च जैसे मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. यही मसाले इसे खास स्वाद और खुशबू देते हैं. भारत के अलग-अलग हिस्सों में इसे अपने तरीके से बनाया जाता है, लेकिन इसकी लोकप्रियता हर जगह एक जैसी है.

दुनिया की कई मशहूर चाय को छोड़ा पीछे

टेस्टएटलस की सूची में जापान, चीन और श्रीलंका जैसी चाय के लिए मशहूर देशों की कई फेमस चाय शामिल थीं. इसके बावजूद भारतीय मसाला चाय ने पहला स्थान हासिल किया. यह उपलब्धि बताती है कि दुनिया भर के लोग अब भारतीय फ्लेवर को कितनी पसंद कर रहे हैं.

भारत की कई चायों को भी मिला सम्मान

मसाला चाय के अलावा भारत की अन्य चायों ने भी इस सूची में जगह बनाई है. दार्जिलिंग चाय, असम चाय, सुलेमानी चाय, कांगड़ा चाय और कश्मीर की नून चाय को भी दुनिया की पसंदीदा चायों में शामिल किया गया है. यह भारतीय चाय संस्कृति की विविधता और समृद्ध विरासत को दर्शाता है.

क्यों खास मानी जाती है दार्जिलिंग चाय?

दार्जिलिंग की चाय अपनी हल्की खुशबू और नाजुक स्वाद के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. इसे अक्सर "चाय की शैंपेन" भी कहा जाता है. वहीं असम चाय अपने गहरे रंग और मजबूत स्वाद के लिए जानी जाती है.

सिर्फ स्वाद नहीं, सेहत के लिए भी फायदेमंद

विशेषज्ञों का मानना है कि मसाला चाय में इस्तेमाल होने वाले कई मसाले एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होते हैं. अदरक और इलायची जैसे मसाले पाचन को बेहतर बनाने और शरीर को गर्म रखने में मदद कर सकते हैं.

यह भी पढ़े: Tomato Rice Popcorn Recipe: आलू, टमाटर और चावल से बनाएं ऐसा क्रिस्पी स्नैक, जिसे देखकर हर कोई पूछेगा रेसिपी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com