भारतीय रसोई में अचार का अपना अलग ही महत्व है. खासकर नींबू का अचार खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. अगर आप भी ऐसा नींबू का अचार बनाना चाहते हैं जो जल्दी गल जाए, स्वादिष्ट बने और लंबे समय तक खराब न हो, तो ये देसी रेसिपी आपके लिए है. इस स्पेशल रेसिपी को यूट्यूब चैनल Village Life With Anita ले ली गई है. फूड क्रिएटर अनीता ने बताई कि ये पारंपरिक रेसिपी गांवों में वर्षों से अपनाई जाती रही है. इसमें कुछ खास टिप्स भी बताई गई हैं, जिनकी मदद से नींबू जल्दी नरम हो जाता है और अचार का स्वाद भी शानदार आता है.
वीडियो में देखें रेसिपी...
नींबू का अचार कैसे बनाएं?
बनाने के लिए सामग्री
नींबू - 500 ग्राम पके हुए
नमक - स्वादानुसार
हल्दी पाउडर - 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
काली सरसों - 2 बड़े चम्मच
मेथी दाना - 1 बड़ा चम्मच मे
सौंफ - 1 बड़ा चम्मच
जीरा - 1 छोटा चम्मच
अजवाइन - 1 छोटा चम्मच
कलौंजी - 1 छोटा चम्मच
हींग - चुटकीभर
सरसों का तेल - 2-3 बड़े चम्मच
विधि
अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि नींबू का अचार जल्दी नहीं गलता. इसके लिए सबसे पहले नींबू को पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद किसी खुरदरे पत्थर या रेगमार से नींबू के ऊपरी छिलके को हल्के हाथों से रगड़ें. इससे छिलका नरम हो जाता है और कड़वाहट भी कम होती है. यही तरीका अचार को जल्दी गलाने में मदद करता है.
मेथी, सौंफ, जीरा और काली सरसों को हल्का भून लें. इसके बाद इन्हें दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि अचार के लिए मसाला बारीक नहीं बल्कि थोड़ा मोटा होना चाहिए. अजवाइन को पीसने की जरूरत नहीं होती, इसे साबुत ही इस्तेमाल करें.
नींबू को अच्छी तरह सुखाकर चार-चार टुकड़ों में काट लें. जितना संभव हो, बीज निकाल दें क्योंकि बीज अचार में कड़वाहट ला सकते हैं. अब कटे हुए नींबू में नमक, हल्दी, लाल मिर्च, मेथी, सौंफ, जीरा, सरसों, अजवाइन, कलौंजी और हींग डालकर अच्छी तरह मिला लें. एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और थोड़ा ठंडा होने के बाद अचार में मिला दें.
लंबे समय तक अचार को कैसे स्टोर करके रखें?
अचार रखने वाली बरनी या कांच के जार को पहले अच्छी तरह धोकर धूप में सुखा लें. नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए. अचार निकालते समय हमेशा सूखे चम्मच का उपयोग करें. अगर समय-समय पर धूप दिखाई जाए तो अचार सालभर तक सुरक्षित रह सकता है.
नींबू का अचार सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. मेथी, अजवाइन और नींबू का मिश्रण पेट को राहत देने में मदद करता है. यही वजह है कि यह अचार गांवों में हर मौसम में बड़े चाव से खाया जाता है.
ये भी पढ़ें - संतरे से बनाएं खट्टा-मीठा अचार, एक बार खा लिया तो भूल जाएंगे सारे अचार का स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं