कटहल काटना मुश्किल लगता है?
NDTV
Ghar Per Hi Kathal Ko Kaise Kate: कटहल खाने में जितना स्वादिष्ट होता है, काटने में उतना ही मुश्किल. जब भी इसे बनाने का मन करता है, तो कई लोगों के दिमाग में आता है कौन इतनी मेहनत करे. छोड़ो, कुछ और बना लेते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह है इसमें से निकलने वाला गोंद जैसा चिपचिपा पदार्थ, जो न सिर्फ पूरे हाथों को चिपचिपा कर देता है, बल्कि चाकू और चॉपिंग बोर्ड को भी खराब कर देता है. इतना ही नहीं, अगर सही तकनीक से न काटा जाए तो पकाते समय इसके रेशे पूरी तरह बिखर जाते हैं या कटहल का रंग काला पड़ जाता है.
देखें वीडियो...
कटहल को काटने का सही तरीका क्या है? | How To Cut Jackfruit
हल्दी और नमक का ठंडा पानी:
- कटहल हवा के संपर्क में आते ही बहुत तेजी से ऑक्सीडाइज होकर काला पड़ने लगता है.
- इससे बचने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में एकदम ठंडा या बर्फ का पानी लें.
- इसमें थोड़ा सा नमक और हल्दी मिला दें.
- यह घोल कटहल के टुकड़ों को एकदम ताजा रखेगा और उनका रंग बिगड़ने नहीं देगा.
तेल का सही इस्तेमाल:
- चिपचिपे रस से बचने के लिए तेल लगाना सबसे कारगर तरीका है.
- हालांकि, लोग अक्सर यह गलती करते हैं कि वे दोनों हाथों और चाकू के हैंडल पर भी तेल लगा लेते हैं.
- ऐसा करने से चाकू हाथ से फिसल सकता है और चोट लगने का डर रहता है.
- हमेशा केवल उसी हाथ में तेल लगाएं जिससे आप कटहल को पकड़ने वाले हैं.
- अगर आप सीधे हाथ से चाकू चलाते हैं, तो केवल उल्टे हाथ में और चाकू के केवल ब्लेड पर सरसों या कोई भी वनस्पति तेल लगाएं.
काटने का सही तरीका
- कटहल के ऊपरी और निचले हिस्से को थोड़ा-थोड़ा काट लें.
- काटते ही उसमें से सफेद गाढ़ा रस निकलेगा.
- इसे सीधे चॉपिंग बोर्ड या शेल्फ पर गिरने न दें, बल्कि तुरंत किसी अलग प्लेट या कटोरी में निकाल लें.
- कटहल के ही कटे हुए टुकड़े से उस जगह को रगड़कर रस को साफ किया जा सकता है.
- कटहल को बीच से गोल-गोल काटने की बजाय हमेशा लंबाई में दो हिस्सों में काटें.
- गोल काटने से हर जगह से गोंद रिसने लगता है, जबकि लंबाई में काटने से यह गोंद सिर्फ बीच के हिस्से से निकलता है, जिसे आसानी से पोंछा जा सकता है.
- कटहल के बड़े हिस्सों को छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में बांट लें.
- अब इसके बाहरी कांटेदार छिलके को चाकू की मदद से बहुत बारीक निकालें.
- छिलके को ज्यादा गहराई से न काटें, वरना काफी सारा कटहल बर्बाद हो जाएगा.
- कटहल के अंदरूनी सख्त हिस्से यानी स्टेम को पूरी तरह से न हटाएं.
- इसे बस हल्का सा तराशें.
- अगर आप इस हिस्से को पूरी तरह से काट देंगे, तो पकाते वक्त इसके सारे रेशे अलग होकर सब्जी में बिखर जाएंगे.
- कटहल के टुकड़ों को काटते ही तुरंत हल्दी-नमक वाले ठंडे पानी में डालते जाएं.
- इसके बाद आप इन्हें पानी से निकालकर, सुखाकर किसी जिपलॉक बैग में रखकर 2-3 दिनों तक फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं या तुरंत स्वादिष्ट सब्जी तैयार कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: पनीर लवर्स! ये टिकाऊ जुगाड़ पनीर को लंबे समय तक रखेगा फ्रेश...
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Jackfruit, How To Cut Jackfruit, Kitchen Hacks, How To Cut Kathal At Home, Kunal Kapur