विज्ञापन

तुकाराम मुंडे की रेड का असर! ट्विंकल खन्ना ने अपने किचन की जांच की, निकला सदियों पुराना मसाला

FDA की सख्ती पर ट्विंकल खन्ना का मजेदार पोस्ट वायरल, पनीर टिक्का से बनी 'मुंडेज़ मार्टिनी' ने खींचा सबका ध्यान.

तुकाराम मुंडे की रेड का असर! ट्विंकल खन्ना ने अपने किचन की जांच की, निकला सदियों पुराना मसाला
पनीर टिक्का वाली मार्टिनी की कहानी
NDTV

अपनी बेबाक और मजेदार बातों के लिए मशहूर ट्विंकल खन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने फूड सेफ्टी के मुद्दे को बड़े ही मजेदार अंदाज में उठाया है. दरअसल, महाराष्ट्र FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंडे इन दिनों मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त चेकिंग अभियान चला रहे हैं. इसी से प्रेरित होकर ट्विंकल ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है, जो खूब वायरल हो रही है.

इस मुद्दे पर अपने मजेदार अंदाज में चुटकी लेते हुए 'मिसेज फनीबोन्स' ट्विंकल खन्ना ने सोचा कि अगर उनके घर की रसोई में FDA की छापेमारी हो जाए तो क्या होगा?

ये देखिए...

अपनी बात की शुरुआत उन्होंने बेहद दिलचस्प टाइटल से की "द नेम्स तुकाराम, विद अ लाइसेंस टू सील"जिसका मतलब है नाम है तुकाराम, सील करने का लाइसेंस साथ रखते हैं. 

गुजरे दौर की यादें ताजा करते हुए ट्विंकल ने लिखा कि पुराने दिनों में जब वे मेलों में घूमने जाया करती थीं (न कि 'मेला' फिल्म में काम करती थीं), तब 'बुड्ढी के बाल' यानी कॉटन कैंडी चटख गुलाबी रंग की मिला करती थी लेकिन आज वही कैंडी उनके बालों की जड़ों जैसा सफेद रंग ले चुकी है. इस बदलाव का मज़ेदार श्रेय उन्होंने एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे की सख्ती को दिया, जिनकी वजह से खाने की चीजों से हानिकारक गुलाबी रंग का उपयोग न के बराबर हो चुका है. 

कार्रवाई के असर पर चुटकी लेते हुए वे लिखती हैं कि कमिश्नर मुंडे की इस मुहीम के सामने बड़े-बड़े रेस्टोरेंट्स ताश के पत्तों की तरह ढह रहे हैं, यहां तक कि डोमिनोज भी इसकी चपेट में आ गया. जहां-जहां मुंडे कदम रखते हैं, वहां नियमों को न मानने वालों के पसीने छूट जाते हैं. 

जब किचन में मिला एक्सपायर्ड मसाले का पैकेट

जब उन्होंने अपने ही किचन में छापेमारी के बारे में सोचा, तो मजाक में बताया कि वहां उन्हें 'शाही मसाले' का एक ऐसा पैकेट मिला जिसकी एक्सपायरी डेट शायद मुगलों के जमाने की थी. इसी बात पर उन्होंने मुगलाई खाने पर भी तंज कसा.  ट्विंकल ने कहा कि जो लोग इतिहास की किताबों से मुगलों का नाम हटाना चाहते हैं, उन्हें पहले अपनी खाने की थाली से शुरुआत करनी चाहिए. कोफ्ता, कोरमा और कबाब छोड़ना इतना आसान नहीं है. आप एक तरफ मुगलाई पनीर का मजा भी लेना चाहते हैं और दूसरी तरफ इतिहास को भुलाना भी चाहते हैं, ये दोनों एक साथ नहीं हो सकता.

रेस्टोरेंट चेकिंग पर वेटर से किया सवाल

अपने लेख के आखिरी हिस्से में ट्विंकल ने एक रेस्टोरेंट का वाकया साझा किया. वहां तंदूरी ब्रोकली, चिकन टिक्का और पनीर टिक्का ऑर्डर करने से पहले उन्होंने वेटर से सीधे पूछ लिया "क्या यहां मुंडे साहब की रेड पड़ चुकी है?" वेटर ने भरोसा दिलाया कि पिछले हफ्ते ही चेकिंग हुई थी और रेस्टोरेंट पास हो गया.

इसके बाद जब टेबल पर ड्रिंक्स और स्टार्टर्स आए, तो जैसे ही उन्होंने टूथपिक से पनीर टिक्का उठाया, वो फिसलकर सीधा उनकी मार्टिनी ग्लास में गिर गया. ड्रिंक बदलने की जगह ट्विंकल ने उसी का मजाक बना दिया और अपनी नई ड्रिंक का नाम रख दिया 'मुंडेज़ मार्टिनी,' जिसमें जिन, वर्मथ, ऑलिव और साथ में तैरता हुआ पनीर टिक्का था.

इसे भी पढ़ें: चाय में बिस्किट डुबोते ही क्यों टूट जाता है? जानिए इसके पीछे की असली वजह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food Safety Raids, Twinkle Khanna, Tukaram Munde, Maharashtra FDA, Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com