घर पर इडली बैटर कैसे बनाएं.
NDTV
क्या आपको भी घर पर इडली बनाने में दिक्कत आती है? अक्सर कई लोगों को आपने ये कहते हुए सुना होगा कि कभी इडली टाइट या सख्त बन जाती है, तो कभी अच्छे से फूलती नहीं है? अगर आपकी भी यही परेशानी है, तो आप बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम यूट्यूब चैनल निशा मधुलिका (@nishamadhulika) पर शेयर इटली बैटर बनाने की रेसिपी बता रहे हैं. इस आसान ट्रिक को अपनाकर आप भी पहली बार में ही एकदम रुई जैसी सॉफ्ट और फूली हुई इडली बना सकते हैं. आइए जानते हैं इसके सही नाप और पूरी विधि के बारे में.
यहां देखें वीडियो-
सही नाप और रेश्यो (Perfect Ratio)
- 1 कटोरी धुली हुई उड़द की दाल
- 3 कटोरी छोटे दाने वाले चावल
- 1 छोटी चम्मच मेथी दाना
- 1 कटोरी पोहा
- 1/3 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा
दाल और चावल को भिगोने और पीसने का सही तरीका-
- सबसे पहले एक कटोरी उड़द की दाल और तीन कटोरी चावल को अलग-अलग बर्तन में दो बार साफ पानी से धो लें.
- दाल में दुगने से ज्यादा पानी डालकर और चावल में भी पानी भरकर 3 से 4 घंटे के लिए ढककर रख दें.
- इसी के साथ एक छोटी चम्मच मेथी दाने को भी धोकर भिगो दें.
- जब दाल-चावल पीसने हों, उससे ठीक पहले एक कटोरी पोहे को सिर्फ 1 मिनट के लिए पानी में धोकर निकाल लें, यह तुरंत फूल जाता है.
- उड़द की दाल का पानी अलग बर्तन में निकालकर रख लें. क्योंकि पीसते समय यही पानी इस्तेमाल करना है.
- दाल और मेथी दाने को मिक्सी के जार में डालें. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर एकदम बारीक पीस लें.
- अब इसी जार में चावल और भीगा हुआ पोहा डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए पीस लें.
- ध्यान रखें कि बैटर बहुत ज्यादा पतला न हो, इसकी कंसिस्टेंसी गाढ़ी और पोरिंग होनी चाहिए.
बैटर को फुलाने की सीक्रेट ट्रिक-
- पिसे हुए सारे बैटर को किसी बड़े बर्तन में निकाल लें ताकि उसे फूलने के लिए पर्याप्त जगह मिले.
- अब इसमें 1/3 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा डालें और चमचे से लगातार 3 से 4 मिनट तक अच्छे से फेंट लें.
- मेथी, पोहा और बेकिंग सोडा मिलकर बैटर को सौ प्रतिशत अच्छे से फुलाने में मदद करते हैं.
- गर्मियों के मौसम में बैटर किचन के प्लेटफॉर्म पर ही 8 से 10 घंटे में आसानी से फर्मेंट हो जाता है.
- अगर सर्दी का मौसम है, तो इसे किसी गर्म जगह या बंद अलमारी में 12 से 14 घंटे के लिए रखें.
स्टीम करने का तरीका और जरूरी टिप्स-
- फर्मेंट होने के बाद बैटर को हल्के हाथ से मिला लें. अब जितना बैटर इस्तेमाल करना हो उसे अलग प्याले में निकालें और बाकी बैटर को फ्रिज में 5 दिन तक स्टोर करके रख सकते हैं.
- निकाले हुए बैटर में स्वाद के अनुसार लगभग 3/4 छोटी चम्मच नमक मिलाएं.
- इडली मोल्ड को हल्का सा तेल लगाकर चिकना करें. और उसमें थोड़ा-थोड़ा बैटर भरें.
- मोल्ड को पूरा ऊपर तक न भरें क्योंकि इडली पकने के बाद और फूलेगी.
- अब इडली स्टैंड के बर्तन में 2-3 कप पानी डालकर उबाल आने दें. आंच को धीमा करके मोल्ड को अंदर रखें.
- फिर आंच तेज करके बर्तन को ढक दें. इसे मीडियम-हाई फ्लेम पर 12 मिनट तक स्टीम होने दें.
- 12 मिनट बाद गैस बंद कर दें और भाप कम होने पर मोल्ड को बाहर निकालकर 5 मिनट के लिए ठंडा होने दें.
- अब चाकू या चम्मच की मदद से इडली को आसानी से बाहर निकाल लें. लीजिए, तैयार है आपकी एकदम स्पंजी और मुलायम इडली.
ये भी पढ़ें- प्याज पर हों काले धब्बे तो क्या खाना सेफ है? जानिए सच
ये वीडियो भी देखें-
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Perfect Idli Kaise Banaye, Idli Batter, Idli Batter Fermentation Grinder, Idli Batter Fermentation Hack