किचन में सबसे बड़ी समस्या एक जो हममें से ज्यादातर को परेशान करती है वो है बिन बुलाए चींटियों का आना. किचन में कोई भी मीठी चीज़ रखी हो, चींटियों को उसकी भनक सबसे पहले लग जाती है. खासकर शक्कर. अक्सर शक्कर के डिब्बे में चींटियां आ जाती हैं. ऐसे में समझ नहीं आता कि इनको शक्कर से कैसे बाहर निकालें. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको कुछ ऐसे घरेलू उपाय बता रहे हैं जिनकी मदद से आप इस समस्या से राहत पा सकते हैं.
चींटियां चीनी तक इतनी जल्दी क्यों पहुंच जाती हैं?
चींटियों की सूंघने की क्षमता काफी तेज होती है. मीठी चीजों की गंध उन्हें आकर्षित करती है. अगर कंटेनर ठीक से बंद न हो या आसपास चीनी के दाने गिरे हों, तो चींटियां जल्दी पहुंच सकती हैं.
शक्कर के डिब्बे से चींटियों को कैसे भगाएं-
1. लौंग-
किचन में मौजूद लौंग न सिर्फ खाने के स्वाद को बढ़ाने बल्कि शक्कर के डिब्बे से चींटियों को बचाने में भी मददगार है. क्योंकि लौंग की तेज गंध चींटियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती.
क्या करें- चीनी के डिब्बे में 4 से 5 साबुत लौंग डाल दें. इसकी महक से चींटियां डिब्बे के पास भी नहीं फटकेंगी.
2. दालचीनी-
चींटियों को शक्कर के डिब्बे से भगाने का सबसे आसान तरीका है दालचीनी. क्योंकि इसकी तेज खुशबू चींटियों के सूंघने की क्षमता को प्रभावित करती है, जिससे वे दूर भागती हैं.
क्या करें- दालचीनी की एक छोटी सी लकड़ी या टुकड़ा लें और उसे चीनी के डिब्बे में डालकर ढक्कन बंद कर दें.

Image NDTV
3. तेजपत्ता-
गरम मसाले में इस्तेमाल होने वाला तेजपत्ता भी चींटियों को भगाने में मददगार साबित हो सकता है.
क्या करें- शक्कर के डिब्बे में एक साफ़ और सूखा तेजपत्ता डाल दें. इसकी तीखी गंध से चींटियां तुरंत दूरी बना लेती हैं.
किन बातों का रखें खास ख्याल-
- एयरटाइट डिब्बा- शक्कर को हमेशा ऐसे डिब्बे में रखें जिसका ढक्कन पूरी तरह टाइट बंद होता हो.
- सफाई- शक्कर का डिब्बा जहां रखा हो, उस शेल्फ़ को हमेशा सूखा और साफ़ रखें. अगर फर्श या शेल्फ़ पर शक्कर के दाने गिरे होंगे, तो चींटियां आएंगी.
चींटियां आ जाएं तो चीनी को कैसे साफ करें?
डिब्बे को कुछ देर धूप में रखें.
चींटियां धीरे-धीरे बाहर निकलने लगेंगी.
इसके बाद चीनी को छानकर साफ कंटेनर में भर लें.
ये भी पढ़ें- Navratri Day 2 Diet: वजन बढ़ने की टेंशन छोड़िए, चाय के साथ खाइए ये लो-कैलोरी फलाहारी नमकीन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं