उपमा कई भारतीय घरों में नाश्ते में खूब खाया जाता है. यह हल्का होता है, जल्दी बन जाता है और पेट भी भरता है. हालांकि कई लोग रोज-रोज एक जैसा उपमा खाकर बोर हो जाते हैं. अगर आप भी साधारण उपमा को नया स्वाद देना चाहते हैं, तो टमाटर सांभर उपमा जरूर ट्राई कर सकते हैं. टमाटर की हल्की खटास, सांभर मसाले की खुशबू और सब्जियों का स्वाद मिलकर इसे बेहद खास बनाते हैं. यह रेसिपी उन लोगों के लिए भी अच्छी है जो सुबह जल्दी में रहते हैं और कम समय में पौष्टिक नाश्ता तैयार करना चाहते हैं. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादातर सामग्री घर में आसानी से मिल जाती है.
टमाटर सांभर उपमा बनाने के लिए सामग्री-
- 1 कप भुनी हुई सूजी
- 1 प्याज बारीक कटा हुआ
- 1 शिमला मिर्च बारीक कटी हुई
- 1 गाजर बारीक कटी हुई
- 1 से 2 हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच चना दाल
- 1 छोटा चम्मच उड़द दाल
- 1 छोटा चम्मच राई
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- 5 से 6 करी पत्ते
- 3 से 4 सूखी लाल मिर्च
- एक चुटकी हींग
- 10 से 12 काजू
- 1 छोटा चम्मच अदरक
- 2 टमाटर की प्यूरी
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच सांभर मसाला
- नमक स्वादानुसार
- 2 से 3 बड़े चम्मच घी
- नींबू का रस
- हरा धनिया
वीडियो देखें-
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट टमाटर सांभर उपमा-
- सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें. इसमें काजू डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. अब राई, जीरा, चना दाल, उड़द दाल, करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और हींग डालकर तड़का तैयार करें.
- इसके बाद अदरक, हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें. प्याज हल्का पारदर्शी हो जाए तो गाजर और शिमला मिर्च डालकर कुछ मिनट पकाएं.
- अब टमाटर की प्यूरी डालें और उसमें धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, सांभर मसाला और नमक मिलाएं. मसाले को तब तक पकाएं जब तक घी अलग न होने लगे.
- इसके बाद जरूरत के अनुसार पानी डालें और उबाल आने दें. अब धीरे-धीरे भुनी हुई सूजी डालते जाएं और लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें.
- जब उपमा गाढ़ा होकर पक जाए तो गैस बंद कर दें. ऊपर से नींबू का रस और ताजा हरा धनिया डालकर मिला लें.
अगर आप नाश्ते में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो यह टमाटर सांभर उपमा आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
यह भी पढ़ें - बची हुई रोटी से बनाएं स्वादिष्ट नूडल्स, मिनटों में तैयार होगी ये आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं