Tips To Keep Ginger Fresh In Summer For Long Time: गर्मियों के मौसम में हमारे घरों पर रखा अदरक अक्सर तेज गर्मी के कारण जल्दी सूखकर सख्त हो जाता है. और अगर इसे फ्रिज में रख दें तो इसमें कभी-कभी नमी के कारण फफूंदी लगने लगती है. कई बार बाजार से ताजा अदरक लाने के कुछ ही दिनों बाद वह सिकुड़ने लगता है, अंदर से सूखा हो जाता है और उसका तीखापन भी कम हो जाता है. खासकर जब तापमान ज्यादा हो, तब अदरक को सही तरीके से संभालकर रखना बेहद जरूरी हो जाता है. ऐसे में, नीचे बताए गए कुछ आसान उपाय अपनाकर आप अदरक को कई हफ्तों तक ताजा बनाए रख सकते हैं और सड़ने से बचा सकते हैं.
कागज में लपेटकर रखें
अदरक को धोकर रखने की बजाय पहले उसे अच्छी तरह सूखा लें. इसके बाद अदरक को कागज या टिश्यू में लपेट दें. फिर इसे बंद डिब्बे या अच्छी तरह बंद होने वाली थैली में रखकर फ्रिज में रखें. इससे अतिरिक्त नमी नहीं जमेगी और अदरक जल्दी खराब भी नहीं होगा.
छोटे टुकड़ों में जमाकर रखें
अगर आप रोज थोड़ा-थोड़ा अदरक इस्तेमाल करते हैं, तो इसे छोटे टुकड़ों में काटकर फ्रीजर में रख सकते हैं. जरूरत पड़ने पर सीधे कद्दूकस करके इस्तेमाल करें. इससे अदरक कई हफ्तों तक ताजा बना रह सकता है.

यह भी पढ़ें- Water Rich Fruits: मई-जून की तप्ती गर्मी में बॉडी को हाइड्रेट रखना चाहते हैं, तो खाएं ये 5 रसीले फल!
बंद डिब्बे में रखें
खुले में रखा अदरक गर्म हवा की वजह से जल्दी सूखने लगता है. इसलिए इसे हमेशा बंद डिब्बे में रखें. इससे उसकी नमी बनी रहती है और अदरक लंबे समय तक ताजा रहता है.
नींबू या सिरके का उपाय
कुछ लोग अदरक को हल्के सिरके या नींबू के रस में डुबोकर भी रखते हैं. इससे अदरक में जल्दी फफूंदी नहीं लगती और उसका स्वाद भी बना रहता है. हालांकि इस तरीके में बहुत ज्यादा तरल इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
खराब हिस्सा तुरंत अलग करें
अगर अदरक का कोई हिस्सा नरम या गीला लग रहा हो, तो उसे तुरंत अलग कर दें. एक खराब टुकड़ा पूरे अदरक को जल्दी खराब कर सकता है.
बिना जरूरत धोकर न रखें
कई लोग अदरक खरीदते ही धोकर फ्रिज में रख देते हैं. यही सबसे बड़ी गलती मानी जाती है. ज्यादा नमी अदरक को जल्दी सड़ाने लगती है. इसलिए इस्तेमाल से पहले ही अदरक धोना बेहतर माना जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं