हम सभी के घरों में कभी न कभी अक्सर रात को कुछ रोटियां बच जाती हैं. कई लोग इन्हें अगले दिन गर्म करके खा लेते हैं, जबकि कुछ लोग इन्हें इस्तेमाल किए बिना ही छोड़ देते हैं और फेंक देते हैं. अगर आप भी बची हुई रोटियों को नया स्वाद देना चाहते हैं, तो रोटी नूडल्स एक एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. यह रेसिपी न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि फूड वेस्टेज कम करने का भी आसान तरीका है. खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत कम समय लगता है और इसके लिए अलग से कोई खास सामग्री खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती. रोटी नूडल्स का स्वाद काफी हद तक वेज नूडल्स जैसा लगता है. इसमें रंग-बिरंगी सब्जियां, हल्के मसाले और सॉस का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे यह बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आ सकता है. सुबह के नाश्ते, शाम की भूख या बच्चों के टिफिन के लिए भी यह एक अच्छा विकल्प माना जा सकता है.
रोटी नूडल्स बनाने के लिए सामग्री-
- 4 बची हुई रोटियां
- 1 प्याज, लंबा कटा हुआ
- 1 शिमला मिर्च, पतली कटी हुई
- 1 गाजर, लंबी कटी हुई
- 2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- 1 छोटा चम्मच सोया सॉस
- 1 छोटा चम्मच टोमैटो सॉस
- 1/2 छोटा चम्मच चिली सॉस
- नमक स्वादानुसार
- काली मिर्च स्वादानुसार
- हरा धनिया सजाने के लिए
वीडियो देखें-
रोटी नूडल्स बनाने की विधि-
- सबसे पहले बची हुई रोटियों को रोल कर लें और चाकू की मदद से उन्हें पतली-पतली स्ट्रिप्स में काट लें. ये स्ट्रिप्स बिल्कुल नूडल्स जैसी दिखाई देंगी.
- अब एक कड़ाही या पैन में तेल गर्म करें. इसमें हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें. इसके बाद प्याज डालें और हल्का पारदर्शी होने तक पकाएं. अब गाजर और शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर 2 से 3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं. सब्जियों को ज्यादा न पकाएं ताकि उनका क्रंच बना रहे.
- अब इसमें सोया सॉस, टोमैटो सॉस और चिली सॉस डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद रोटी की स्ट्रिप्स डालें और सभी सामग्री को हल्के हाथ से टॉस करें ताकि सॉस और मसाले हर स्ट्रिप पर अच्छी तरह लग जाएं.
- अब स्वादानुसार नमक और काली मिर्च डालें. ध्यान रखें कि सोया सॉस में भी नमक होता है, इसलिए नमक कम मात्रा में डालें. मिश्रण को 2 से 3 मिनट तक पकाएं और फिर गैस बंद कर दें.
तैयार रोटी नूडल्स को हरे धनिए से सजाकर गरमा-गरम परोसें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला छिड़क सकते हैं. टमाटर सॉस या तीखी चिली सॉस के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
अगर आप रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं, तो यह रेसिपी आपके मेन्यू में नया स्वाद जोड़ सकती है.
यह भी पढ़ें- नाश्ते में बनाएं कुछ नया, टेस्टी और हेल्दी, नोट करें कॉर्न उपमा की ये रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं