मीठा खाना भला किसे पसंद नहीं है. क्या आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं लेकिन, वजन बढ़ने या सेहत की फिक्र के कारण खुद को रोक लेते हैं? अगर हां, तो अब आपको मुंह का स्वाद बदलने के लिए किसी समझौते की जरूरत नहीं है. आज हम आपको एक ऐसी शानदार और हेल्दी रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे खाकर आपका दिल भी खुश हो जाएगा और सेहत को भी लाभ होगा.
अक्सर त्योहारों पर या घर में कुछ मीठा खाने का मन होने पर हम बाजार से मिठाइयां ले आते हैं, जिनमें बहुत ज्यादा चीनी और मिलावट होती है. लेकिन घर पर बनी ये हेल्दी मिठाई आपके और आपके पूरे परिवार के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.

मूंग दाल से बनाएं हेल्दी लड्डू. Photo Credit: Freepik
कैसे बनाएं मूंग दाल के लड्डू- (How To Make Moong Dal Laddu)
सामग्री-
- पीली मूंग दाल- 1 कप
- खजूर- 1 कप
- देसी घी- 3 से 4 बड़े चम्मच
- बादाम
- काजू
- पिस्ता
- इलायची पाउडर
विधि-
- लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को सूती कपड़े से पोंछ लें ताकि उसकी धूल निकल जाए.
- अब एक कड़ाही में बिना घी के दाल को मध्यम आंच पर सुनहरा और खुशबू आने तक भून लें.
- जब दाल ठंडी हो जाए, तो इसे मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर बना लें.
- अगर आपके पास खजूर हैं, तो उनके बीज निकालकर मिक्सी में पीसकर एक स्मूथ पेस्ट बना लें.
- खजूर इस रेसिपी में नेचुरल मिठास का काम करेंगे, जिससे आपको चीनी या गुड़ की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ेगी.
- अब उसी कड़ाही में एक चम्मच देसी घी डालें और उसमें कटे हुए बादाम और काजू को हल्का सा भून लें, ताकि उनका क्रंच बना रहे.
- अब कड़ाही में थोड़ा सा घी डालकर पीसी हुई मूंग दाल को एक बार फिर से एक-दो मिनट के लिए भूनें.
- इसके बाद इसमें खजूर का पेस्ट और भुने हुए ड्राई फ्रूट्स मिला दें.
- गैस की आंच धीमी रखें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते रहें, जब तक कि मिश्रण एक साथ बंधने न लगे.
- मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें ताकि आपके हाथ न जलें. अब इसमें इलायची पाउडर मिलाएं.
- हाथों पर थोड़ा सा घी लगाकर इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोल लड्डू तैयार कर लें.
- इन्हें एयर टाइट डिब्बे में भरकर हफ्तों तक खाया जा सकता है.
मूंग दाल लड्डू खाने के फायदे- (Moong Dal Laddu Khane Ke Fayde)
मूंग दाल प्रोटीन, फाइबर, विटामिंस और मिनरल्स का खजाना है. इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती. यह वजन को कंट्रोल करने, एनर्जी और खून बढ़ाने में भी मददगार है. इन लड्डूओं के सेवन से इम्यूनिटी को बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- High Protein Meal: वजन घटाने के लिए ही नहीं, जिम लवर्स के लिए भी परफेक्ट है 21 ग्राम प्रोटीन से भरपूर ये दलिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं