- वाराणसी एयरपोर्ट पर आजमगढ़ के एक यात्री की पिस्टल से फायरिंग हो गई, जिसमें दो यात्री घायल हो गए.
- घायलों को इलाज के लिए तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया.
- पुलिस ने आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से पिस्टल जब्त कर ली है.
उत्तर प्रदेश के वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार को सुबह-सुबह गोली चल गई, जिसमें दो लोगों घायल होने की जानकारी सामने आई है. इन घायलों में एक महिला और एक युवक शामिल हैं. यह फायरिंग की घटना आजमगढ़ के एक यात्री की पिस्तौल से हुई है. उस यात्री ने अपनी पिस्तौल और मैगजीन के बारे में डिक्लेयर भी किया था. मिली जानकारी के मुताबिक, पिस्तौल से अचानक गोली चल गई और जमीन से लड़ने के बाद पास खड़े एक युवक और महिला को लग गई. महिला के जांघ और लड़के के हाथ में बुलेट लगी है.
जानकारी मिली है कि यात्री कमलेश केदारनाथ राय वाराणसी से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1810 से यात्रा करने वाले थे. उन्होंने चेक-इन काउंटर पर नियमानुसार अपनी लाइसेंसी 7.62 एमएम पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस घोषित किए थे. इसके बाद यात्री को हथियार की अनिवार्य सुरक्षा जांच और औपचारिकताओं के लिए निर्धारित स्क्रीनिंग एरिया ले जाया गया. हथियार की हैंडलिंग और जांच के दौरान अचानक एक गोली चल गई. गोली के रिकोशे यानी टकराकर दिशा बदलने से दो स्क्रीनिंग कर्मी घायल हो गए. घायल कर्मियों की पहचान रोहित राज और सुमन कुमारी के रूप में हुई है.
दोनों को तत्काल सहायता देकर न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. BCAS घटना की जांच कर रहा है. जांच में यह देखा जा रहा है कि लाइसेंसी हथियार को एयरपोर्ट पर संभालने और ले जाने के लिए निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं.
पुलिस ने क्या कहा?
वाराणसी पुलिस ने बयान जारी करते हुए बताया, "16 अगस्त को करीब साढ़े नौ बजे IX-1810 से मुंबई जाने वाले एक यात्री पिस्तौल लिया हुआ था. वह अपनी पत्नी के साथ सफर कर रहा था. हथियार की जांच के दौरान यात्री से एक राउंड फायर हो गया, जिससे दो AAICLAS सिक्योरिटी स्क्रीनर्स घायल हो गए." पुलिस ने आगे बताया कि दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: वाराणसी से महाराष्ट्र पहुंची मिट्टी, BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले- जाति व्यवस्था से ऊपर उठकर राष्ट्रभक्ति जरूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं