क्या आपके मन में यह सवाल आता है कि वजन बढ़ाने या घटाने के लिए हमें क्या खाना चाहिए रोटी या चावल? भारत के हर घर की थाली में ये दोनों चीजें मुख्य रूप से देखने को मिलती हैं. कुछ लोग मानते हैं कि चावल खाने से वजन तेजी से बढ़ता है और पेट निकलता है, जबकि कुछ का मानना है कि गेहूं की रोटी ज्यादा भारी होती है. इसी कन्फ्यूजन को दूर करने के लिए हमने बात की यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान से. आइए जानते हैं कि उन्होंने रोटी और चावल को लेकर क्या खास बातें बताई हैं.
रोटी और चावल- दोनों में क्या है अंतर?
डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है कि रोटी और चावल दोनों ही हमारे शरीर को मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट देते हैं, जो हमें काम करने की एनर्जी देते हैं. लेकिन दोनों का हमारे शरीर पर असर अलग-अलग तरीके से होता है.
चावल की खासियत- चावल बहुत जल्दी पच जाता है. इसे खाने के बाद पेट हल्का महसूस होता है, लेकिन भूख भी जल्दी लग जाती है.
रोटी की खासियत- गेहूं की रोटी पचने में थोड़ा ज्यादा समय लेती है. इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है.

क्या खाने से बढ़ता है वजन?
जब बात वजन बढ़ाने की आती है, तो डॉ. सैयद अहमद खान साफ तौर पर कहते हैं कि सिर्फ एक चीज यानी अकेले रोटी या अकेले चावल को वजन बढ़ने का जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. वजन इस बात पर निर्भर करता है कि आप दिनभर में कुल कितनी कैलोरी खा रहे हैं और कितनी मेहनत या कसरत कर रहे हैं.
यदि आप जरूरत से ज्यादा मात्रा में चावल या रोटी दोनों में से कुछ भी खाएंगे और शारीरिक रूप से एक्टिव नहीं रहेंगे, तो आपका वजन बढ़ना तय है. हालांकि, यूनानी चिकित्सा के नजरिए से देखें तो चावल का सेवन अगर सही तरीके और सही मात्रा में न किया जाए, तो यह शरीर में कफ और चर्बी को तेजी से बढ़ा सकता है. वहीं, गेहूं की रोटी में फाइबर ज्यादा होता है, जो पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है.
वजन बढ़ाने के लिए क्या है सही?
- हमेशा समय पर खाना खाएं. खाना छोड़ने या बहुत देर से खाने से शरीर को सही पोषण नहीं मिल पाता.
- आप चाहें रोटी खाएं या चावल, उसकी मात्रा का ध्यान रखें. चावल खाना पसंद है तो उसे दाल, घी या सब्जियों के साथ मिलाकर खाएं ताकि शरीर को पूरा पोषण मिले.
- वजन बढ़ाने के लिए अपनी डाइट में शुद्ध देसी घी को शामिल करना बहुत फायदेमंद होता है. रोटी पर थोड़ा घी लगाकर खाने से कैलोरी भी मिलती है और सेहत भी बनती है.
- खाने को हमेशा आराम से और चबाकर खाएं ताकि वह अच्छी तरह पच सके और शरीर को उसका पूरा फायदा मिल सके.
एक्सपर्ट के बारे में : डॉ. सैयद अहमद खान यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ हैं. वे नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के यूनानी मेडिकल सेंटर में पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एवं हेड रह चुके हैं. वर्तमान में वे दरीयागंज स्थित सदर यूनानी क्लिनिक में प्रैक्टिस करते हैं और श्वसन रोगों, पाचन संबंधी समस्याओं तथा लाइफस्टाइल डिजीज के यूनानी उपचार में विशेष अनुभव रखते हैं.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: भंडारे जैसा मीठा-खट्टा कद्दू घर पर कैसे बनाएं? नोट करें आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं