अगर आप हर रोज वही पुरानी दाल और सब्जियां खाकर बोर हो चुके हैं और घर पर कुछ चटपटा, नया और टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है. हम बात कर रहे हैं निशा मधुलिका (NishaMadhulika) स्टाइल में बनने वाली मूंग दाल पकौड़े की चटपटी राजस्थानी सब्जी की. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें आपकी किचन में आसानी से मिल जाती हैं. इसे मूंग दाल से बनाया जाता है, जो प्रोटीन और पोषण से भरपूर है. तो चलिए, बिना देर किए जानते हैं इसकी पूरी रेसिपी.
कैसे बनाएं मूंग दाल पकौड़े की सब्जी- How To Make Protein Rich Sabji:
सामग्री-
पकौड़ी बनाने के लिए-
- मूंग दाल- 1/2 कप (लगभग 100 ग्राम, भिगोई हुई)
- टमाटर- 2 मीडियम (150 ग्राम)
- हरी मिर्च- 1
- अदरक- 1/2 इंच
- नमक 1/4 छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
- कुटी लाल मिर्च- 1/4 छोटा चम्मच
- हींग- आधा चुटकी
- हरा धनिया- 1 बड़ा चम्मच (बारीक कटा)
- पालक- 1/2 कप (बारीक कटी हुई)
- तेल- पकौड़े तलने के लिए
करी बनाने के लिए-
- तेल- 2 बड़े चम्मच
- जीरा- 1/2 छोटा चम्मच
- हींग- 1 चुटकी
- हरी मिर्च- 1/2 छोटा चम्मच (बारीक कटी)
- अदरक- 1/2 छोटा चम्मच (घिसा हुआ)
- हल्दी पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- दही- 1/2 कप (अच्छे से फटा हुआ)
- नमक- 1 छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
- गरम मसाला- 1/4 छोटा चम्मच
- हरा धनिया- थोड़ा सा बारीक कटा हुआ
विधि-
- सबसे पहले मूंग दाल को 2-3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. फिर पानी निकालकर इसे बिना ज्यादा पानी मिलाए दरदरा पीस लें.
- पिसने के बाद दाल में नमक, कुटी लाल मिर्च, हींग, कटा हुआ हरा धनिया और बारीक कटा पालक मिलाएं.
- टमाटर, हरी मिर्च और अदरक का एक साथ पेस्ट बना लें.
- अब एक कढ़ाई में तेल गरम करें. तैयार दाल के मिश्रण से छोटे-छोटे पकौड़े बनाएं और उन्हें मध्यम आंच पर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लें. आपकी खस्ता पकौड़ियां तैयार हैं.
- कढ़ाई में 2 बड़े चम्मच तेल गरम करें. इसमें जीरा और हींग का तड़का लगाएं.
- अब इसमें कटी हरी मिर्च, घिसा अदरक, हल्दी, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर हल्का सा भून लें.
- इसके बाद टमाटर, अदरक और हरी मिर्च का तैयार पेस्ट डालें और मसालों को तब तक भूनें जब तक कि तेल अलग न होने लगे.
- अब गैस की आंच धीमी करें और इसमें फेंटा हुआ दही डालें. इसे लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं.
- जब ग्रेवी में उबाल आ जाए, तो इसमें 1 से 1.5 कप पानी डालें. फिर स्वादानुसार नमक और गरम मसाला मिला दें.
- ग्रेवी में अच्छा उबाल आने के बाद इसमें तली हुई मूंग दाल की पकौड़ियां डाल दें.
- इसे ढककर कुछ मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें ताकि पकौड़े ग्रेवी को सोख लें और सॉफ्ट हो जाएं.
- लास्ट में ऊपर से कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
- आपकी गरमा-गरम राजस्थानी मूंग दाल पकौड़े की सब्जी तैयार है. इसे आप रोटी, पराठे या चावल के साथ मजे से खा सकते हैं.
इस सब्जी को खाने के फायदे-
- मूंग दाल प्लांट-बेस्ड प्रोटीन से भरपूर होती है, जो मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद कर सकती है.
- मूंग दाल में मौजूद फाइबर पेट को ठीक रखता है और कब्ज से राहत दिला सकता है.
- मूंग दाल में विटामिन और मिनरल्स होते हैं जो शरीर की थकान मिटाकर एनर्जी बनाए रखते हैं.
- मूंग दाल वजन घटाने में मददगार होती है. अगर आप इस सब्जी में तेल की मात्रा कम रखते हैं, तो ये वजन घटाने में मदद कर सकती है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है पोषण से भरपूर पंजाब में बनने वाली आटे की पिन्नी, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं