चिलचिलाती गर्मी और उमस से बचने के लिए भारतीय घरों में हेल्दी ड्रिंक का सेवन किया जाता है. सबसे खास बात तो ये है कि यहां हर राज्य का अपना खास ड्रिंक है. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें पीएम मोदी भारत के अलग-अलग कोनों के देसी और होममेड समर रिफ्रेशर्स की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि कैसे भारत के अलग-अलग हिस्सों में सदियों से गर्मियों से निपटने के लिए बेहद शानदार और लाजवाब ड्रिंक्स बनाए जाते रहे हैं. जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है हमारी रसोई का स्वाद बदलने लगता है, कही, मटका निकल आता है, कही छाछ, तो कहीं आम पन्ना. ये हमारी सेहत और इम्यूनिटी के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं हैं. तो चलिए, जानते हैं पीएम मोदी के इस वीडियो में नजर आने वाले उन खास समर रिफ्रेशर्स के बारे में.
गर्मी को मात देने वाले देसी ड्रिंक्स- (Homemade Summer Drinks India)
1. आम पन्ना- (उत्तर भारत की पहली पसंद)
गर्मियों की बात हो और कच्चे आम का जिक्र न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. उत्तर भारत में 'आम पन्ना' गर्मियों का राजा माना जाता है. पीएम मोदी के वीडियो में भी इस बात का जिक्र है कि कैसे यह ड्रिंक हमारी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है.
कैसे बनाएं- इसे कच्चे आम (कैरी) को उबालकर, उसका पल्प निकालकर बनाया जाता है. इसमें भुना हुआ जीरा, काला नमक, पुदीना और चीनी या गुड़ मिलाया जाता है. यह ड्रिंक आपको लू (Heat Stroke) से बचाने में सबसे ज्यादा मददगार है.
2. मसाला छाछ- (पंजाब, गुजरात और राजस्थान)
चाहे पंजाब की लस्सी हो या गुजरात और राजस्थान की मसाला छाछ, दही से बनी ये चीजें गर्मियों में अमृत की तरह काम करती हैं. पीएम मोदी खुद गुजरात से आते हैं, जहां छाछ खाने का एक अहम हिस्सा है.
कैसे बनाएं- छाछ में थोड़ा सा जीरा पाउडर, पुदीना, हरी मिर्च और काला नमक मिलाकर पीने से डाइजेशन (पाचन क्रिया) एकदम दुरुस्त रहता है. यह पेट की गर्मी को शांत करता है और चिलचिलाती धूप में शरीर को तुरंत एनर्जी देता है.
3. सत्तू का शरबत- (बिहार और यूपी)
बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में सत्तू के शरबत को देसी प्रोटीन शेक कहा जाता है. भुने हुए चने को पीसकर बनने वाला सत्तू गर्मियों के लिए वरदान है, जिसे वीडियो में एक बेहतरीन एनर्जी बूस्टर बताया गया है.
कैसे बनाएं- इसे दो तरीके से बनाया जाता है नमकीन और मीठा. नमकीन सत्तू में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, नींबू का रस और जीरा पाउडर डाला जाता है, जबकि मीठे सत्तू में चीनी या गुड़ मिलाया जाता है. यह ड्रिंक आपको घंटों तक भरा हुआ महसूस कराता है और पेट को एकदम ठंडा रखता है.

गर्मियों के मौसम में सत्तू के शरबत का सेवन बेहद फायदेमंद माना जाता है.
4. बेल का शरबत- (नेचुरल कूलेंट)
बेल (Wood Apple) एक ऐसा फल है जो खासकर गर्मियों के मौसम में ही आता है. इसका शरबत पेट से जुड़ी हर समस्या का रामबाण इलाज है और पूरी तरह नेचुरल होता है.
कैसे बनाएं- बेल के पल्प को पानी में अच्छी तरह हाथों से मैश करके, छानकर और थोड़ी सी चीनी या मिश्री मिलाकर यह शरबत तैयार होता है. फाइबर से भरपूर होने के कारण यह पेट को साफ रखता है और शरीर के तापमान को कंट्रोल में रख सकता है.
5. नन्नारी शरबत या जिगर्थंडा- (दक्षिण भारत)
अगर हम साउथ इंडिया की तरफ चलें, तो वहां गर्मियों से बचने के लिए नन्नारी (Nannari) की जड़ों से बना सिरप बहुत पसंद किया जाता है. इसके अलावा मदुरै का मशहूर 'जिगर्थंडा' भी बेहद पॉपुलर है, जो दूध और बादाम गोंद (Badam Pisin) से बनता है.
कैसे बनाएं- नन्नारी शरबत में नींबू का रस मिलाकर पीने से शरीर की अंदरूनी गर्मी पूरी तरह गायब हो जाती है. यह एक बेहतरीन डिटॉक्स ड्रिंक भी है जो शरीर की गंदगी को बाहर निकालता है.
ये भी पढ़ें- सिर्फ 10 मिनट में तैयार करें ठंडा-ठंडा आम पन्ना, लू और डिहाइड्रेशन से बचाने वाली शेफ संजीव कपूर की रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं